Mata Chintpurni : चिंतपूर्णी मंदिर में दर्शनों के लिए लगी श्रद्धालुओं की डबल लाइन

punjabkesari.in Tuesday, Mar 24, 2026 - 07:36 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

चिंतपूर्णी (राकेश): उत्तर भारत के प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चिंतपूर्णी के दरबार में चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर आस्था का सैलाब उमड़ रहा है। नवरात्र के पांचवें दिन मां के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सोमवार को श्रद्धालुओं की डबल लाइन पुराना बस स्टैंड तक रही और लगभग 10,000 के करीब श्रद्धालुओं ने मां चिंतपूर्णी जी की पावन पिंडी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिर प्रशासन द्वारा श्रद्धालुओं की सुरक्षा व लाइन व्यवस्था को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए गए। मंदिर परिसर व पूरे बाजार क्षेत्र की सफाई व्यवस्था बेहतरीन रही। श्रद्धालु लाइन व्यवस्था के अंतर्गत माता जी की पावन पिंडी के दर्शनों को अपनी बारी का इंतजार करते खड़े रहे।

चौथे दिन 12,80,183 रुपए चढ़ावा चढ़ा
मंदिर न्यास के वित्त एवं लेखा अधिकारी राजेंद्र कटोच द्वारा जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक नवरात्र के चौथे दिन काऊंटिंग करने पर मंदिर न्यास को 12,80,183 रुपए का नकद चढ़ावा प्राप्त हुआ। यदि शुरूआती चार दिनों के कुल संग्रह पर नजर डालें तो यह आंकड़ा 40,71,938 रुपए तक जा पहुंचा है। इसमें पहले दिन 7,84,452 रुपए, दूसरे दिन 7,22,757 रुपए और तीसरे दिन सबसे अधिक 12,84,546 रुपए चढ़ावा चढ़ा था।
हालांकि पांचवें दिन श्रद्धालुओं की संख्या में रविवार के मुकाबले कुछ कमी दर्ज की गई। लंबी कतारों के बावजूद दर्शन प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए सुरक्षा और व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखा गया है ताकि देश-विदेश से आने वाले किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News