Katas Raj Mahadev Temple : महाशिवरात्रि पर श्री कटास राज धाम (पाकिस्तान) यात्रा स्थगित

punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 08:00 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

चंडीगढ़/जालंधर (धवन): इस वर्ष महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्री कटास राज धाम (पाकिस्तान) की प्रस्तावित तीर्थ यात्रा स्थगित कर दी गई है। यह जानकारी श्री कटास राज यात्रा के संयोजक एवं केन्द्रीय सनातन धर्म सभा उत्तर भारत के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिव प्रताप बजाज ने दी। बजाज ने बताया कि भारत-पाकिस्तान के मौजूदा हालात तथा पाकिस्तान के भीतर अस्थिर एवं संवेदनशील परिस्थितियों को देखते हुए इस बार तीर्थयात्रियों का जत्था वहां नहीं भेजने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से श्रद्धालु महाशिवरात्रि पर कटास राज धाम जाकर भगवान शिव के पावन धाम में जलाभिषेक करते रहे हैं, लेकिन वर्तमान परिस्थितियों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोपरि है।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभी तक भारत सरकार की ओर से यात्रा संबंधी कोई आधिकारिक सूचना या दिशा-निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं। पाकिस्तान में हाल के दिनों में बढ़ती हिंसक घटनाओं और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है। 

इस निर्णय की पुष्टि करते हुए केन्द्रीय सनातन धर्म सभा के कार्यवाहक प्रधान एवं विश्व हिन्दू परिषद के जिला प्रमुख संरक्षक सागर बजाज ने देशभर के श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने-अपने नगरों में स्थित शिव मंदिरों में महाशिवरात्रि का पर्व श्रद्धा एवं मर्यादा के साथ मनाएं। 

जिन श्रद्धालुओं के पास पूर्व में कटास राज अमरकुंड से लाया गया पवित्र जल उपलब्ध है, वे उसी से भगवान शिव का जलाभिषेक कर धार्मिक आस्था का पालन करें।  सभा ने सभी श्रद्धालुओं से शांति, संयम और आध्यात्मिक भाव के साथ महाशिवरात्रि मनाने का आह्वान किया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News