तख्त श्री हजूर साहिब से संबंधित कानून स्थगित करना सिख संगत की भावनाओं का सम्मान : तरुण चुग
punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 11:56 AM (IST)
चंडीगढ़/अमृतसर (हरिश्चंद्र, कमल): भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राज्यसभा सदस्य तरुण चुग ने तख्त श्री हजूर साहिब से संबंधित प्रस्तावित कानून को महाराष्ट्र सरकार द्वारा स्थगित किए जाने का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़णवीस का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने कहा कि यह निर्णय सिख संगत की भावनाओं का सम्मान करने वाला है और लोकतांत्रिक संवेदनशीलता का परिचायक है।चुघ ने कहा कि नानक नाम लेवा संगत और विभिन्न सिख संगठनों की यह स्पष्ट भावना थी कि इस विषय पर सभी पक्षों से व्यापक चर्चा के बाद ही कोई निर्णय लिया जाए। उन्होंने कहा कि तख्त श्री हजूर साहिब करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, इसलिए इससे जुड़े प्रत्येक निर्णय में सिख समाज की धार्मिक परंपराओं और भावनाओं का सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए।
