Kartik Amavasya 2026 : कार्तिक अमावस्या की रात क्यों मानी जाती है बेहद शुभ? जानें दीपदान से लेकर पूजा तक का महत्व

punjabkesari.in Wednesday, Nov 04, 2026 - 07:29 PM (IST)

Kartik Amavasya 2026 : सनातन धर्म में कार्तिक मास को बहुत पवित्र और पुण्यदायी माना जाता है। इस महीने में पड़ने वाली अमावस्या का विशेष धार्मिक महत्व होता है। कार्तिक अमावस्या के दिन देशभर में दीपावली का पर्व मनाया जाता है। इस खास मौके पर लोग अपने घरों को दीपों से सजाते हैं और मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा करते हैं। माना जाता है कि इस रात श्रद्धा से पूजा- अर्चना और दीपदान करने से घर में सुख-समृद्धि आती है और जीवन में खुशहाली बनी रहती है। लेकिन अक्सर कई लोगों के मन में यह सवाल पैदा होता है कि कार्तिक अमावस्या की रात क्यों इतनी खास मानी जाती है। तो आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से।

कार्तिक अमावस्या की रात क्यों है खास?

कार्तिक अमावस्या की रात को अंधकार पर प्रकाश की जीत का प्रतीक माना जाता है। अमावस्या होने के कारण इस रात आसमान में चंद्रमा दिखाई नहीं देता। ऐसे में घरों, मंदिरों और गलियों में जलते दीपक वातावरण को रोशनी से भर देते हैं।धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, दीपावली की रात मां लक्ष्मी पृथ्वी पर भ्रमण करती हैं। यही वजह है कि भक्त अपने घरों की सफाई करके उन्हें दीपों और रंगोली से सजाते हैं, ताकि माता का स्वागत कर सकें। इस दिन मां लक्ष्मी के साथ भगवान गणेश की पूजा करने से धन, बुद्धि और शुभता की प्राप्ति की कामना की जाती है।

कार्तिक अमावस्या पर दीपदान का महत्व

कार्तिक अमावस्या पर दीपदान करना बहुत शुभ माना जाता है। इस दिन शाम के समय घर के मुख्य द्वार, आंगन, पूजा घर और तुलसी के पास दीपक जलाने की परंपरा है। इसके अलावा मंदिरों और पवित्र जलाशयों के किनारे भी दीपदान किया जाता है। मान्यता है कि दीपदान करने से जीवन का अंधकार दूर होता है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। दीपक की लौ को ज्ञान, आशा और शुभता का प्रतीक माना गया है। इसलिए इस दिन जरूरतमंदों की सहायता करने और धार्मिक स्थलों पर दीप जलाने का भी विशेष महत्व बताया गया है।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News