45th India International Trade Fair: ट्रेड फेयर में पहली बार सजा श्री वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड का स्टॉल

punjabkesari.in Tuesday, Nov 17, 2026 - 01:12 PM (IST)

नई दिल्ली (कुमार मंगलम तिवारी/नवोदय टाइम्स) : भारत मंडपम में चल रहे 45वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में इस बार श्रद्धा और भक्ति का एक खास रंग देखने को मिल रहा है। हॉल नंबर 7ए में स्टॉल नंबर 02-एफ पर सजी चुनरियां श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण बनी हुई हैं।

श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की ओर से पहली बार लगाए गए आधिकारिक स्टॉल पर माता को अर्पित की गई चुनरी, चोला और प्रसाद श्रद्धालुओं को किफायती दामों पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। श्राइन बोर्ड से जुड़े अमूल ने बताया कि मेले में पहली बार बोर्ड ने अपना आधिकारिक स्टॉल लगाया है, जहां कटरा स्थित माता के दरबार से जुड़ी धार्मिक वस्तुएं और स्मृति चिह्न सीधे लोगों तक पहुंचाए जा रहे हैं। यहां 100 से 700 रुपये तक की अलग-अलग चुनरियां उपलब्ध हैं। इनमें माता को अर्पित की गई चुनरियां भी शामिल हैं। इसके अलावा माता का चोला 500 रुपये में खरीदा जा सकता है। लाल और पीले रंग की कढ़ाईदार चुनरियों के साथ माता रानी की तस्वीरें और पूजा से जुड़ी सामग्री भी स्टॉल की शोभा बढ़ा रही हैं।

प्रसाद के साथ पंचमेवा और रक्षा सूत्र
यहां श्रद्धालुओं के लिए 500 और 2100 रुपये के दो तरह के प्रसाद बॉक्स रखे गए हैं। इनमें उपलब्ध सामग्री में पंचमेवा, रक्षा सूत्र और चांदी का सिक्का शामिल हैं। इसके अलावा छोटे पैकेट में प्रसाद निशुल्क देने की व्यवस्था भी है। ऐसे में मेले में आने वाले लोग अपनी सुविधा और बजट के अनुसार प्रसाद ले सकते हैं।

सोने-चांदी के सिक्कों में भी माता की छवि
अमूल ने बताया कि स्टॉल पर सोने और चांदी के सिक्के भी उपलब्ध हैं। इन सिक्कों पर माता के पवित्र पिंडियों की छवि अंकित है। इनकी कीमत वजन और बाजार में प्रचलित सोने-चांदी के भाव के अनुसार तय होती है। उन्होंने कहा कि, ये सिक्के माता के चरणों में अर्पित सोने और चांदी से तैयार किए जाते हैं और इनकी शुद्धता सुनिश्चित की जाती है।

कटरा की भेंट पाकर श्रद्धालु खुश
दिल्ली के शाहदरा निवासी संगीता ने यहां माता की चुनरी खरीदी। उन्होंने बताया कि वह हर साल चैत्र नवरात्रि में माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए कटरा जाती हैं। ट्रेड फेयर में पहली बार श्राइन बोर्ड का स्टॉल देखकर उन्हें अच्छा अनुभव हुआ। वहीं, मयूर विहार निवासी प्रवेश सिंह ने कहा कि इस स्टॉल से उन श्रद्धालुओं को सुविधा मिल रही है, जो धार्मिक वस्तुओं और माता के दरबार से जुड़ी भेंट खरीदना चाहते हैं।

55 से अधिक स्टॉल से सजा बिहार पवेलियन
बिहार पवेलियन का उद्घाटन बिहार सरकार के उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार (आईएएस) और दिल्ली में बिहार सरकार के स्थानिक आयुक्त मनोज कुमार सिंह (आईएएस) ने किया। उद्घाटन के बाद दोनों अधिकारियों ने पवेलियन में लगे स्टॉलों का भ्रमण किया और वहां प्रदर्शित उत्पादों की सराहना की। भारत मंडपम के हॉल नंबर-2 में बनाए गए बिहार पवेलियन को राज्य की गौरवशाली विरासत और बदलते आर्थिक परिदृश्य के अनुरूप सजाया गया है। यहां 55 से अधिक स्टॉल हैं। बिहार म्यूजियम की विशेषताओं से लोगों को परिचित कराने के लिए अलग गैलरी बनाई गई है। इसके अलावा उद्योग और निवेश से संबंधित स्टॉल भी लगाए गए हैं। इसका उद्देश्य बिहार के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंच दिलाना, उनके उत्पादों के लिए नए ग्राहक तैयार करना।

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Niyati Bhandari

Related News