G20 Summit: जी-20 सम्मेलन स्थल पर 28 फुट ऊंची ‘नटराज’ की प्रतिमा स्थापित की जा रही
punjabkesari.in Sunday, Sep 03, 2023 - 09:11 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
नई दिल्ली (प.स.): दिल्ली में अगले सप्ताह भारत मंडपम में जी-20 शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा जहां पर भगवान शिव के ‘नटराज’ स्वरूप की विशाल प्रतिमा स्थापित की जा रही है। माना जा रहा है कि ‘नटराज’ की यह दुनिया में सबसे ऊंची प्रतिमा होगी। सूत्रों ने बताया कि यह प्रतिमा आधार सहित 28 फुट ऊंची है और धातु ढलाई की प्राचीन ‘मोम’ तकनीक का उपयोग करके इसे बनाया गया है। उन्होंने बताया कि प्रतिमा का निर्माण करने में प्रसिद्ध चोल कांस्य का उपयोग किया गया है।
‘नटराज’ भगवान शंकर का स्वरूप है जिसमें वह ब्रह्मांड का सृजन करने और विध्वंस करने की उनकी शक्ति को ‘तांडव’ मुद्रा में दिखाया गया है। सूत्रों ने बताया, ‘‘हम जी-20 शिखर सम्मेलन के आयोजन स्थल भारत मंडपम के परिसर में नटराज की अब तक की सबसे ऊंची प्रतिमा स्थापित कर रहे हैं।’’ जी-20 नेताओं का शिखर सम्मेलन 9-10 सितम्बर को प्रगति मैदान में नवनिर्मित अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन और प्रदर्शनी केंद्र ‘भारत मंडपम’ में होगा। शिखर सम्मेलन के पहले दिन, संस्कृति मंत्रालय की परिकल्पना से तैयार ‘सांस्कृतिक गलियारे’ का भी भारत मंडपम में अनावरण किया जाएगा।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि ‘सांस्कृतिक गलियारे’ की अवधारणा सभी 29 देशों से ‘सर्वश्रेष्ठ और सबसे मूल्यवान कलाकृतियों को एक ही स्थान पर लाने’ से जुड़ी है, जो जी-20 के विषय ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ का सार होगी। उन्होंने कहा कि इसके अलावा गलियारा यह भी दर्शाएगा कि ‘संस्कृति सभी को जोड़ती है।’
सूत्रों ने बताया कि ‘सांस्कृतिक गलियारे’ के तहत भौतिक और डिजिटल कलाकृतियों की प्रदर्शनी शिखर सम्मेलन कक्ष से लगे हॉल में 10,000 वर्ग फुट क्षेत्र में फैली होगी, जिसमें विशाल स्क्रीन लगी होंगी। भारत से ऋग्वेद की पांडुलिपियां, ब्रिटेन से मैग्ना कार्टा की एक दुर्लभ प्रति और फ्रांस से मोनालिसा की एक एनमार्फिक डिजिटल छवि, अमरीका से आजादी के घोषणापत्र की सत्यापित मूल प्रतियां, चीन से एक फहुआ ढक्कन वाला जार ‘सांस्कृतिक गलियारे’ में प्रदर्शित की जाने वाली कलाकृतियों में शामिल होंगी।