Diwali 2022: राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के संरक्षक ने हजरत निजामुद्दीन दरगाह में जलाए दीप
punjabkesari.in Monday, Oct 24, 2022 - 10:38 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): आरएसएस के वरिष्ठ नेता एवं राष्ट्रीय मुस्लिम मंच के संरक्षक इंद्रेश कुमार ने कहा कि निजामुद्दीन दरगाह परिसर में ‘मिट्टी के दीये’ जलाना, देश में शांति, समृद्धि और सांप्रदायिक सद्भाव का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व सभी प्रकार के धार्मिक मतभेदों और प्रांत के बीच के मतभेदों को दूर करता है। दीपावली का त्योहार भारत सहित दुनियाभर में मनाया जाता है। यह हर घर में सुख और समृद्धि लाता है। सभी को अपने धर्म और जाति का पालन करना चाहिए।
1100 रुपए मूल्य की जन्म कुंडली मुफ्त में पाएं। अपनी जन्म तिथि अपने नाम, जन्म के समय और जन्म के स्थान के साथ हमें 96189-89025 पर व्हाट्सएप करें
उन्होंने हजरत निजामुद्दीन दरगाह में दीप भी जलाए। उन्होंने कहा कि भारत ही ऐसा देश है, जो सभी धर्मों का पूरी तरह से सम्मान करता है। इंद्रेश कुमार ने दरगाह में चादरपोशी भी की। उन्होंने कहा कि दीपावली का पर्व धार्मिक मतभेदों को मिटाता है। आरएसएस की मुस्लिम शाखा मुस्लिम राष्ट्रीय मंच ने देश में शांति और समृद्धि का आह्वान किया।
इंद्रेश कुमार ने कहा कि भारत तीर्थ, पर्व और मेलों की भूमि है। उन्होंने कहा कि हर त्योहार हमें सिखाता है कि हमें कट्टरता, द्वेष, नफरत, दंगे या युद्ध नहीं चाहिए। हम शांति, सद्भाव और भाईचारा चाहते हैं। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए कहा कि किसी को भी धर्म परिवर्तन और हिंसा करने के लिए मजबूर नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने विभिन्न धर्म के अनुयायियों से अपील भरे लहजे में कहा कि सभी को अपने धर्म और जाति का पालन करना चाहिए। दूसरे धर्मों की आलोचना और अपमान न करें। जब देश में सभी धर्मों का सम्मान किया जाएगा, तो देश पत्थर बनाने वाले कट्टरपंथियों से मुक्त होगा। उल्लेखनीय है कि इससे पहले अखिल भारतीय इमाम संगठन के प्रमुख डा. उमर अहमद इलियासी से भी संघ प्रमुख मोहन भागवत के साथ इंद्रेश कुमार ने मुलाकात की थी।