छठ महापर्व में खरना की रात क्यों रखा जाता है दरवाजा खुला? जानें इसके पीछे की खास वजह
punjabkesari.in Saturday, Nov 14, 2026 - 03:38 PM (IST)
Why Doors Kept Open On Kharna Night Chhath : हिंदू धर्म में छठ महापर्व को सबसे पवित्र और कठिन व्रतों में से एक माना जाता है। यह पर्व सूर्यदेव और छठी मैया को समर्पित है। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में हर दिन का अपना अलग धार्मिक महत्व होता है। नहाय-खाय से शुरू होकर खरना, संध्या अर्घ्य और उषा अर्घ्य तक श्रद्धालु पूरी श्रद्धा, पवित्रता और नियमों के साथ पूजा-अर्चना करते हैं। छठ पूजा से जुड़ी ऐसी ही एक खास परंपरा है, जिसके अनुसार खरना की रात कई घरों के दरवाजे खुले रखे जाते हैं। तो आइए जानते हैं इसके पीछे की मान्यता के बारे में-
खरना की रात दरवाजा खुला रखने के पीछे क्या है मान्यता?
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, खरना की रात तो बहुत पवित्र और विशेष माना जाता है। ऐसी लोक मान्यता है कि इस रात छठी मैया घर में पधारती हैं और अपने भक्तों को सुख-समृद्धि तथा खुशहाली का आशीर्वाद देती हैं। छठी मैया घर में पधारती हैं और अपने भक्तों को सुख-समृद्धि तथा खुशहाली का आशीर्वाद देती हैं। इसी विश्वास के चलते कुछ परिवार खरना की रात अपने घर के मुख्य दरवाजे खुले रखते हैं, ताकि छठी मैया के आगमन का स्वागत किया जा सके। मान्यता यह भी है कि घर के दरवाजे खुले रखने से सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और परिवार पर देवी की कृपा बनी रहती है। हालांकि, यह परंपरा अलग-अलग क्षेत्रों और परिवारों में अलग तरीके से निभाई जाती है। इसे धार्मिक आस्था और लोकविश्वास से जोड़कर देखा जाता है।
खरना के दिन क्यों बनता है गुड़ की खीर का प्रसाद?
छठ पूजा के दूसरे दिन खरना मनाया जाता है। इस दिन व्रती सुबह से पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम को स्नान करने के बाद सूर्यदेव तथा छठी मैया की पूजा करते हैं। इसके बाद गुड़ और चावल से बनी खीर, रोटी और फलों का भोग लगाया जाता है। खरना के प्रसाद को पूरी साफ-सफाई और पवित्रता के साथ तैयार किया जाता है। कई घरों में इसे नए मिट्टी के चूल्हे और मिट्टी के बर्तन में बनाया जाता है। पूजा के बाद व्रती सबसे पहले प्रसाद ग्रहण करते हैं और फिर परिवार के अन्य सदस्यों में इसे बांटा जाता है।
खरना के बाद शुरू होता है 36 घंटे का निर्जला व्रत
खरना की पूजा और प्रसाद ग्रहण करने के बाद छठ व्रत का सबसे कठिन चरण शुरू होता है। इस दौरान व्रती करीब 36 घंटे तक बिना अन्न और जल ग्रहण किए उपवास रखते हैं। तीसरे दिन शाम को डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य दिया जाता है। इसके अगले दिन सुबह उगते सूर्य को उषा अर्घ्य अर्पित करने के बाद व्रत का पारण किया जाता है।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
