Chhath Puja 2026: छठ पूजा के लिए 15 अक्तूबर से शुरू होगी सिंगल क्लीयरेंस विंडो
punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 10:58 AM (IST)
नई दिल्ली (नवोदय टाइम्स): दिल्ली सरकार ने छठ पूजा की तैयारियों को लेकर बैठक की और कहा कि 15 अक्तूबर से सिंगल क्लीयरेंस विंडो की प्रक्रिया शुरू होगी। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा पर विशेष जोर दिया गया। मंत्री कपिल मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को समिति की बैठक में छठ पूजा के आयोजन स्थलों, श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं व विभिन्न विभागों में समन्वय पर विस्तृत चर्चा की गई।
मिश्रा ने कहा कि छठ पूजा को पिछले वर्ष की तुलना में और बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष छठ पूजा के अवसर पर पहले से अधिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाओं के साथ सांस्कृतिक अनुभव भी मिल सके। सिंगल क्लीयरेंस विंडो सिस्टम की व्यवस्था की जाएगी, जिससे विभिन्न विभागों से संबंधित अनुमतियों और व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से पूरा किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिए कि छठ पूजा के दौरान किसी भी प्रकार की असामाजिक गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में आयोजन स्थलों पर पीने के पानी, चिकित्सा सहायता, एंबुलेंस सेवा, अग्निशमन सेवा, मोबाइल शौचालय, सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन, सफाई, फॉगिंग व बिजली की पर्याप्त व्यवस्था करने पर चर्चा की गई। घाटों और आयोजन स्थलों पर बिजली कनेक्शन मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी।
