अयोध्या के बाद अब बंगाल में गूंजेगा जय श्री राम ! 21 पुजारियों की टोली लाएगी रामलला की पावन मिट्टी
punjabkesari.in Monday, Feb 23, 2026 - 02:16 PM (IST)
Bengal Ram Mandir News 2026 : भगवान श्री राम के प्रति अटूट आस्था अब बंगाल की धरती पर एक नया इतिहास रचने जा रही है। अयोध्या के भव्य राम मंदिर की तर्ज पर अब पश्चिम बंगाल में भी प्रभु श्री राम का एक विशाल और दिव्य मंदिर बनने जा रहा है। इस मंदिर की सबसे खास बात यह है कि इसका आधार सीधे अयोध्या की पावन माटी से जुड़ा होगा।
बंगाल में बनने वाले इस मंदिर के शिलान्यास के लिए अयोध्या की मिट्टी का उपयोग किया जाएगा। इसके लिए 21 विद्वान पुजारियों की एक विशेष टोली अयोध्या रवाना होगी। ये पुजारी पूरे विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ रामलला की जन्मभूमि से पवित्र मिट्टी लेकर बंगाल लौटेंगे। मिट्टी लेकर लौटने वाले पुजारियों का बंगाल की सीमा पर भव्य स्वागत करने की योजना है। इस यात्रा को एक उत्सव के रूप में मनाया जाएगा, ताकि रास्ते भर श्रद्धालु प्रभु राम की जन्मभूमि की मिट्टी का दर्शन और पूजन कर सकें।
आयोजकों का मानना है कि यह पहल उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल के बीच एक आध्यात्मिक सेतु का काम करेगी। बंगाल में बनने वाला यह मंदिर न केवल आस्था का केंद्र होगा, बल्कि यह अयोध्या की विरासत को भी सहेजेगा। प्रस्तावित मंदिर के निर्माण में राजस्थानी पत्थरों और परंपरागत वास्तुकला का उपयोग किए जाने की चर्चा है। मंदिर परिसर में राम दरबार के साथ-साथ रामायण के प्रसंगों को भी उकेरा जाएगा।
भक्तों में उत्साह
इस खबर के सामने आने के बाद बंगाल के राम भक्तों में जबरदस्त उत्साह है। 21 पुजारियों के इस दल को लेकर लोगों का कहना है कि यह केवल मिट्टी नहीं, बल्कि अयोध्या का आशीर्वाद है जो बंगाल की धरती पर सुख-शांति और समृद्धि लाएगा।
शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
