बी प्राक ने किए बाबा महाकाल के दर्शन, बोले- सावन में महादेव के दरबार आना सौभाग्य

punjabkesari.in Sunday, Aug 09, 2026 - 11:15 AM (IST)

B Praak Visit Mahakaleshwar Temple Ujjain : सावन के पवित्र महीने में प्रसिद्ध गायक और भजन गायक बी प्राक उज्जैन पहुंचे, जहां उन्होंने बाबा महाकाल की प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल के दर्शन किए। मंदिर समिति की ओर से उप प्रशासक एस.एन. सोनी ने बी प्राक का स्वागत किया। बाबा महाकाल के दर्शन के बाद बी प्राक ने कहा कि सावन के महीने में महादेव के दरबार आना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने उज्जैन में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी जमकर सराहना की। बी प्राक ने कहा कि प्रशासन की ओर से भक्तों की सुविधा और दर्शन व्यवस्था को लेकर बेहतर इंतजाम किए गए हैं।

B Praak Visit Mahakaleshwar Temple Ujjain

बी प्राक ने बताया कि महाकाल की कृपा से वह पहली बार उज्जैन में परफॉर्मेंस देने पहुंचे हैं। इससे पहले उनका कार्यक्रम इंदौर में हुआ था, लेकिन महाकाल की नगरी में प्रस्तुति देना उनके लिए बेहद खास और भावुक अनुभव है। इस दौरान बी प्राक ने अपने चर्चित भजन ‘महाकाल’ का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि ‘महाकाल महाकाल है प्यारे’ बोल वाले इस भजन को महादेव के आशीर्वाद से लोगों का खूब प्यार मिला और सोशल मीडिया पर इसे करोड़ों व्यूज मिले।

बी प्राक ने कहा कि महादेव पर आधारित उनका नया भजन जल्द रिलीज होने वाला है। साथ ही चर्चित ‘महाकाल-2’ को भी जल्द दर्शकों के बीच लाने की तैयारी है। उज्जैन कार्यक्रम को लेकर बी प्राक ने मध्यप्रदेश सरकार, पुलिस प्रशासन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल के दरबार में दर्शन और यहीं परफॉर्म करना उनके लिए किसी बड़े सौभाग्य से कम नहीं है।

B Praak Visit Mahakaleshwar Temple Ujjain

(विशाल ठाकुर)


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News