Aswan: काहिरा से असवान तक सभ्यता की गोद में एक अद्भुत यात्रा

punjabkesari.in Tuesday, Nov 11, 2025 - 07:34 AM (IST)

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ

नई ​​दिल्ली (ज्योत्सना रावत): मिस्र की राजधानी काहिरा अतीत और वर्तमान का अनोखा मेल है। गीजा के पिरामिड और स्फिंक्स इसकी पहचान हैं। लगभग 4,500 वर्ष पुराने खुफू का पिरामिड आज भी अपनी भव्यता से यात्रियों को मंत्रमुग्ध करता है। स्फिंक्स की विशाल प्रतिमा मिस्र के रहस्यों की प्रतीक है।
काहिरा का इजिप्शियन म्यूजियम फिरौन काल की ममियों और प्राचीन कलाकृतियों का खजाना है। शाम को खान-एल-खलीली बाजार की रौनक, पारंपरिक गहने, मसाले और नील नदी पर डिनर क्रूज पर्यटकों को आधुनिक मिस्र का स्वाद चखाते हैं। नील नदी की लहरों के साथ बहता मिस्र हमें याद दिलाता है कि इतिहास कभी बूढ़ा नहीं होता- वह हमेशा प्रेरणा देता है।

हुर्गादा : लाल सागर का नीला आकर्षण
काहिरा से आगे बढ़ते ही हुर्गादा का रोमांचक संसार शुरू होता है। लाल सागर के किनारे बसा यह शहर पानी व रोमांच का संगम है। स्कूबा डाइविंग, स्नॉर्कलिंग व विंडसर्फिंग जैसी गतिविधियां यहां के प्रमुख आकर्षण हैं। समुद्र की लहरों व सफेद रेत पर टहलना सुकूनभरा अनुभव देता है। रात में बीच क्लब्स और सीफूड रेस्टोरेंट्स यहां की नाइटलाइफ को जीवंत बनाते हैं।
हुर्गादा से 25 किलोमीटर दूर एल गूना 'रेड सी की वेनिस' कहलाता है। कृत्रिम लैगून, छोटे पुल व नौकाएं इसे आकर्षक बनाते हैं। पर्यावरण-अनुकूल डिजाइन, लग्जरी रिसॉर्ट्स और शांत वातावरण इसे और खूबसूरत बनाते हैं।

लक्सर और असवान : प्राचीनता व शांति के प्रतीक
लक्सर को 'ओपन-एयर म्यूजियम' कहा जाता है। कर्नाक व लक्सर मंदिरों की भव्यता, विशाल स्तंभ और पत्थरों पर उकेरी चित्रलिपियां मिस्र की प्राचीन आत्मा को जीवित रखती हैं। नील के पार वैली ऑफ द किंग्स में फिरौन राजाओं की कब्रें हैं। दक्षिण में असवान, नील की गोद में बसा शांत शहर, अपनी प्राकृतिक सुंदरता और ऐतिहासिक मंदिरों के लिए जाना जाता है। फिलाए मंदिर देवी आइसिस को समर्पित है, जबकि अबू सिम्बल के मंदिर मिस्र की स्थापत्य प्रतिभा का सर्वोत्तम उदाहरण हैं। मिस्र में हर पत्थर एक कहानी कहता है। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Prachi Sharma

Related News