अमरनाथ यात्रियों को मिलेगी तवी ‘रिवरफ्रंट’ पर ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा
punjabkesari.in Monday, Jun 22, 2026 - 09:08 AM (IST)
जम्मू (कमल): अमरनाथ यात्रा के लिए आने वाले तीर्थ यात्रियों को तवी रिवरफ्रंट जम्मू में ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा मिलेगी। तवी नदी किनारे बन रहे पंजीकरण केंद्रों का निर्माण युद्धस्तर पर जारी है और यहां ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध होने पर तीर्थ यात्रियों को पंजीकरण में आसानी होगी। तीर्थ यात्रियों के लिए ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा महाजन हॉल शालामार के अलावा तवी रिवरफ्रंट जम्मू में उपलब्ध होगी। साधुओं के लिए पहले से रजिस्ट्रेशन गीता भवन परेड और श्रीराम मंदिर पुरानी मंडी जम्मू पहले से ही तय है। अमरनाथ यात्रा के यात्रियों का ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन आसानी से और बिना किसी परेशानी के हो सके, इसके लिए इस बार डेटा एंट्री ऑप्रेटरों की संख्या भी सरकार ने बढ़ा दी।
इस साल चार लाख से अधिक अमरनाथ यात्रियों ने पहले से ऑन लाइन पंजीकरण करवा लिया है, लेकिन हजारों की संख्या में यात्रा के इच्छुक जम्मू आने के उपरांत यात्रा के लिए ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन कराते हैं। पहलगाम व बालटाल दोनों रास्तों से यात्रा करने वाले यात्री इन केंद्रों पर रजिस्ट्रेशन सुविधा का लाभ उठा सकते हैं। ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन के बाद यात्रियों को आर.एफ.आई.डी. कार्ड जारी किए जाएंगे जो यात्रा करने के लिए जरूरी हैं। ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन के लिए टोकन वितरण 30 जून को शुरू होगा और उसके बाद, ऑन स्पॉट रजिस्ट्रेशन और नॉन-ई-के.वाई.सी. रजिस्ट्रेशन को ई-के.वाई.सी. रजिस्ट्रेशन में बदलने का काम 1 जुलाई से शुरू होगा।
