Action On Ram Mandir Case : राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले में 8 आरोपियों के घरों पर एक साथ छापेमारी
punjabkesari.in Monday, Jun 29, 2026 - 09:23 AM (IST)
अयोध्या (इंट.) : राम मंदिर के चढ़ावे में कथित गबन के मामले में गिरफ्तार सभी 8 आरोपियों के घरों पर रविवार सुबह पुलिस ने एक साथ छापेमारी कर तलाशी अभियान चलाया। 8 अलग-अलग पुलिस टीमों ने स्थानीय मैजिस्ट्रेट की मौजूदगी में आरोपियों के आवासों पर दबिश दी और परिवार के सदस्यों से पूछताछ के साथ दस्तावेजों एवं अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच की। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव, अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडे, रामशंकर मिश्रा और सुभाष श्रीवास्तव के घरों में छापेमारी की गई।
3 आरोपियों के मकान बंद मिले, जिसके बाद पुलिस ने पड़ोसियों से पूछताछ कर जानकारी जुटाई। राम शंकर यादव उर्फ टिन्नू यादव के घर उसकी मां के आने के बाद ताला खुलवाकर अलमारियों और बक्सों सहित अन्य सामान की जांच की गई। जांच के दौरान पुलिस ने बैंक दस्तावेज, संपत्ति संबंधी कागजात तथा अन्य संभावित साक्ष्यों की पड़ताल की। कई स्थानों पर राजस्व विभाग के अधिकारियों को भी कार्रवाई में शामिल किया गया। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी मामले से जुड़ी जानकारी और साक्ष्य उपलब्ध कराने की अपील की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मामले में अब तक 7 आरोपियों से करीब 79.85 लाख रुपए बरामद किए जा चुके हैं। सबसे अधिक करीब 20 लाख रुपए अविनाश शुक्ला के पास से मिलने की बात सामने आई है। सभी आरोपी राम मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाई गई नकदी और कीमती सामान की गिनती के कार्य से जुड़े थे। 2 दिन पहले अयोध्या की अदालत ने सभी 8 आरोपियों को 29 जून तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस सोमवार को अदालत में आरोपियों की रिमांड मांग सकती है। यह मामला भारतीय न्याय संहिता की चोरी, आपराधिक विश्वासघात, आपराधिक साजिश तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत दर्ज किया गया है। यह कार्रवाई उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एस.आई.टी.) की प्रारंभिक रिपोर्ट के आधार पर दर्ज प्राथमिकी के बाद की जा रही है।
