सिगरेट महंगी होते ही रॉकेट की रफ्तार से उछले ये शेयर, लगा अपर सर्किट
punjabkesari.in Wednesday, Feb 18, 2026 - 04:02 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः सिगरेट की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद तंबाकू कंपनियों के शेयरों में जोरदार तेजी देखने को मिली। खासतौर पर Godfrey Phillips India के शेयर में 20% का उछाल आया और यह अपर सर्किट पर पहुंच गया। इस तेजी ने बाजार विशेषज्ञों और निवेशकों का ध्यान खींचा है।
दोपहर के कारोबार में कंपनी का शेयर 413.10 रुपए चढ़कर 2,478.90 रुपए पर पहुंच गया। पिछले 5 दिनों में इसमें 17% से ज्यादा की तेजी आई है, जबकि एक महीने में करीब 13% का उछाल दर्ज किया गया। हालांकि 6 महीनों में शेयर अब भी करीब 23% नीचे है। इस साल अब तक इसमें 8% से अधिक की बढ़त देखी गई है।
वहीं, ITC Limited के शेयर भी 2% से ज्यादा चढ़कर 332.35 रुपए पर पहुंच गए। पांच दिनों में यह 4% से अधिक बढ़ा है, हालांकि छह महीने के नजरिए से अब भी गिरावट में है।
क्यों बढ़े शेयर?
विश्लेषकों के अनुसार, कीमतों में बढ़ोतरी से कंपनियों की प्रति स्टिक कमाई (EBIT) बेहतर होने की उम्मीद है। एक्साइज ड्यूटी में बढ़ोतरी के असर को संतुलित करने के लिए कंपनियों ने खुदरा कीमतों में इजाफा किया है, जिससे मार्जिन पर दबाव कम हो सकता है।
सिगरेट कितनी महंगी हुई?
Dual Sensory Filter Technology (DSFT) <64mm कैटेगरी में प्रति स्टिक 1.1 से 2 रुपए तक बढ़ोतरी।
King Size Filter Tip (KSFT) >74mm में करीब 7 रुपए की बढ़ोतरी।
Slims 97mm कैटेगरी में 5 से 10 रुपए तक की वृद्धि।
इसके अलावा, Godfrey Phillips ने Marlboro Compact की कीमत 9.5 रुपए से बढ़ाकर 11.5 रुपए प्रति स्टिक कर दी है। बाजार की नजर अब इस बात पर है कि कीमत बढ़ोतरी का असर मांग पर कितना पड़ता है और आने वाले तिमाहियों में कंपनियों के मुनाफे में कितना सुधार दिखता है।
