शेयर बाजार में जबरदस्त तेजी, निवेशकों की बल्ले-बल्ले, ₹2.78 लाख करोड़ का हुआ Profit

punjabkesari.in Wednesday, Jul 29, 2026 - 10:33 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः बुधवार को सेंसेक्स-निफ्टी में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। आईटी कंपनियों तथा एचडीएफसी बैंक के शेयर की लिवाली और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की ताजा खरीदारी से घरेलू बाजारों को समर्थन मिला। बीएसई सेंसेक्स 726.13 अंक चढ़कर 77,471.26 अंक पर जबकि एनएसई निफ्टी 203.50 अंक की बढ़त के साथ 24,189.05 अंक पर रहा। बाजार में आई तेजी से निवेशकों की दौलत में ढाई लाख करोड़ से अधिक का इजाफा हुआ।

28 जुलाई को बीएसई में सूचीबद्ध कंपनियों का कुल मार्केट कैप ₹4,79,07,917.44 करोड़ था जो आज बढ़कर ₹4,81,86,128.26 करोड़ हो गया, जिससे निवेशकों की दौलत में लगभग ₹2,78,210.82 करोड़ का इजाफा हुआ।

इन शेयरों में रही तेजी 

सेंसेक्स में शामिल 30 कंपनियों में से इन्फोसिस, लार्सन एंड टुब्रो, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचडीएफसी बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), टेक महिंद्रा, भारती एयरटेल और एचसीएल टेक के शेयर सबसे अधिक बढ़त में रहे। 

ये रहे गिरावट वाले शेयर

इंटरग्लोब एविएशन, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, पावर ग्रिड और एक्सिस बैंक के शेयर नुकसान में रहे। 

एशियाई बाजारों का हाल

एशियाई बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी 7.85 प्रतिशत गिरावट में कारोबार कर रहा है। जापान का निक्की 225 और चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट भी नुकसान में रहे जबकि हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है। अमेरिकी शेयर बाजार मंगलवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे। अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 87.68 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा। 

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 755.33 करोड़ रुपए के शेयर की शुद्ध खरीदारी की। बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को 69.86 अंक और एनएसई निफ्टी 10.60 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ था। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News