घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट, सेंसेक्स 353 अंक लुढ़का
punjabkesari.in Tuesday, Aug 11, 2026 - 10:45 AM (IST)
मुंबईः भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी के बीच मंगलवार को घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट रही। इस दौरान बीएसई सेंसेक्स 320.14 अंक और एनएसई निफ्टी 94 अंक तक लुढ़क गया। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 353.90 अंक टूटकर 78,188.54 अंक पर आ गया। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला निफ्टी 104.75 अंक फिसलकर 24,479.05 अंक पर कारोबार कर रहा था।
सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में इंटरग्लोब एविएशन, एक्सिस बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, भारती एयरटेल, इटर्नल और बजाज फाइनेंस के शेयर प्रमुख रूप से नुकसान में रहे। वहीं, टाइटन, एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा और इन्फोसिस के शेयर बढ़त में कारोबार कर रहे थे। अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.13 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 87.61 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी बढ़त में रहा, जबकि चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग सूचकांक गिरावट में कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी शेयर बाजार सोमवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 1,974.76 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीद की। बीएसई सेंसेक्स सोमवार को 43.27 अंक की बढ़त के साथ 78,542.44 अंक पर बंद हुआ था। वहीं, निफ्टी 13.15 अंक चढ़कर 24,583.80 अंक पर बंद हुआ था।
