सोने-चांदी की कीमतों में उछाल, 1300 से ज्यादा महंगी हुई चांदी

punjabkesari.in Monday, May 27, 2024 - 11:30 AM (IST)

बिजनेस डेस्कः सोने-चांदी के दामों में सोमवार (27 मई) को तेजी लौटती दिख रही है। पिछले हफ्ते की शुरुआत के साथ सोने-चांदी ने रिकॉर्ड हाई बनाया था लेकिन इसके बाद यहां बड़ा करेक्शन भी आया था। सोना 2,000 रुपए से ज्यादा सस्ता हुआ, लेकिन सोमवार को दोनों ही मेटल्स अच्छी तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे। भारतीय वायदा बाजार में सोना लगभग ढाई सौ रुपए तो चांदी 1300 रुपए से ज्यादा की तेजी दर्ज कर रही थी।

MCX पर क्या हैं सोने-चांदी के रेट

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना सुबह 10 बजे के आसपास 240 रुपए (0.34%) की तेजी के साथ 71,496 रुपए पर ट्रेड कर रहा था। शुक्रवार को ये 71,256 रुपए प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। इस दौरान चांदी 1352 रुपए या (1.49%) की तेजी के साथ 91,900 रुपए प्रति किलोग्राम पर चल रही थी। पिछले सत्र में ये 90,548 पर बंद हुई थी।

ग्लोबल बाजारों में नरमी

US फेडरल रिजर्व बैंक की ओर से ब्याज दरों में कटौती की ठंडी पड़ती आशाओं के बीच सोने की रैली भी खत्म होती दिखाई दे रही है। शु्क्रवार के कारोबार में सोना हल्की तेजी लेकर चढ़ा था लेकिन पिछले साढ़े पांच महीनों में इनमें सबसे ज्यादा गिरावट आ चुकी है। दिसंबर के बाद ये पिछले हफ्ते पहली बार 3 पर्सेंट तक गिर गया। सोना कॉमेक्स पर बीते हफ्ते 2,449 डॉलर पर पहुंचा था लेकिन अबतक ये 100 डॉलर तक गिर चुका है।

ग्लोबल मार्केट में डॉलर में गिरावट के बाद स्पॉट गोल्ड 0.2 पर्सेंट चढ़कर 2,332.77 डॉलर पर पहुंचा था। वहीं यूएस गोल्ड फ्यूचर्स 0.1 पर्सेंट गिरकर 2,334.50 डॉलर पर पहुंचा था।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News