इंडिया टीवी के रजत शर्मा खरीदेंगे 9X मीडिया
punjabkesari.in Thursday, Dec 01, 2016 - 12:47 PM (IST)

नई दिल्लीः पत्रकार से उद्यमी बने रजत शर्मा 9X मीडिया में कंट्रोलिंग स्टेक खरीदने के लिए बातचीत कर रहे हैं। शर्मा को लोग उनके टीवी शो आप की अदालत के लिए जानते हैं। मामले की जानकारी रखने वालों ने बताया कि यह डील 200 करोड़ रुपए से ज्यादा की हो सकती है।
शर्मा और उनकी पत्नी ऋतु धवन टीवी चैनल इंडिया टीवी पर मालिकाना हक रखने वाली इंडिपेंडेंट न्यूज सर्विस (आई.एन.एस.) के सबसे बड़े शेयरहोल्डर हैं। आईएनएस की एक टीम प्राइवेट इक्विटी फंड एन.एस.आर. पार्टनर्स के साथ मिलकर काम कर रही है ताकि दोनों पक्षों के लिए स्वीकार्य शेयरहोल्डर अग्रीमेंट हो सके।
9X मीडिया के पास कई म्यूजिक चैनल हैं। इसके अलावा उसके पास मराठी और पंजाबी सहित क्षेत्रीय भाषाओं में चैनल हैं। हालांकि उसके मुख्य चैनल 9XM और 9X जलवा हैं। इसने फाइनैंशल इयर 2014 में 130 करोड़ रुपए की आमदनी दर्ज की थी।
इन्वेस्टमेंट कहां से ?
संभव है कि शर्मा प्रस्तावित डील के लिए कुछ फाइनैंसिंग का इंतजाम सिलिकॉन वैली बेस्ड मीडिया इन्वेस्टर केयूर पटेल जैसे आईएनएस के मौजूदा शेयरधारकों से अतिरिक्त रकम जुटाकर करें। पटेल की एक मॉरीशस स्थित निवेश इकाई सीवी ग्लोबल होल्डिंग्स है, जिसका आईएनएस में हिस्सा है। उसका एनडीटीवी में भी स्टेक है।
2015 में आईएनएस की आमदनी थी 200 करोड़
फाइनैंशल इयर 2015 में आईएनएस की आमदनी 200 करोड़ रुपए थी और ऑपरेटिंग प्रॉफिट लगभग 35 करोड़ रुपए था। शर्मा और उनकी पत्नी का इस कंपनी में करीब 60 पर्सेंट हिस्सा है। बाकी शेयरहोल्डिंग केयूर पटेल के अलावा गौतम अडानी और महेंद्र नाहटा से जुड़ी इकाइयों के पास है। नाहटा रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी के करीब हैं। इससे पहले अगस्त में एनएसआर ने 9X मीडिया में 80 पर्सेंट हिस्सा सोनी पिक्चर्स नैटवर्क्स को बेचने की कोशिश की थी, लेकिन बात नहीं बन सकी थी। बात दरअसल 9X मीडिया के कामकाज से जुड़ी कुछ टैक्स देनदारी को लेकर अटक गई थी।
मुखर्जी दंपती ने किया था शुरू
9X मीडिया को पहले आईएनएक्स मीडिया के नाम से जाना जाता था और उसकी स्थापना 2007 में पीटर मुखर्जी और इंद्राणी मुखर्जी ने की थी। उसी साल इस कंपनी में एनएसआर ने कुछ रकम निवेश की थी। कंपनी पर कर्ज का बोझ बढ़ने के बीच 2009 में इसके फाउंडर्स ने इससे किनारा कर लिया था। एनएसआर ने बाद में प्रदीप गुहा को बिजनस हेड बनाया था और फिर म्यूजिक कंटेंट पर जोर देने का फैसला किया था। कंपनी में गुहा की 5 पर्सेंट हिस्सेदारी है।