Penny Stock Return: 3 पैसे के शेयर ने बनाया करोड़पति, निवेशकों को 1,40,566% रिटर्न दे कर चौंकाया
punjabkesari.in Saturday, Feb 14, 2026 - 11:32 AM (IST)
बिजनेस डेस्कः निवेश की दुनिया में अक्सर बड़े और चर्चित शेयर सुर्खियों में रहते हैं लेकिन कभी-कभी छोटे पेनी स्टॉक भी ऐसा प्रदर्शन कर देते हैं जो निवेशकों को हैरान कर देता है। ऐसा ही उदाहरण Nurture Well Industries का है, जिसने बीते कुछ वर्षों में जबरदस्त तेजी दिखाते हुए मल्टीबैगर रिटर्न दिया है।
3 पैसे से 42 रुपए तक का सफर
करीब छह साल पहले महज 0.03 रुपए पर ट्रेड करने वाला यह शेयर अब लगभग 42.30 रुपए के स्तर तक पहुंच चुका है। इस अवधि में इसमें करीब 1,40,566 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। अनुमान के तौर पर, अगर किसी निवेशक ने छह साल पहले इसमें 1 लाख रुपए लगाए होते, तो आज उसकी वैल्यू करीब 14 करोड़ रुपए से ज्यादा हो सकती थी।
कॉरपोरेट एक्शन की बात करें तो कंपनी ने अप्रैल 2024 में 1:1 के अनुपात में बोनस शेयर जारी किए थे। इसके बाद अक्टूबर 2024 में 1:10 के अनुपात में स्टॉक स्प्लिट भी किया गया। वर्तमान में कंपनी का मार्केट कैप करीब 1000 करोड़ रुपये के आसपास बताया जा रहा है।
तीसरी तिमाही में दमदार प्रदर्शन
वित्त वर्ष 2026 की तीसरी तिमाही में कंपनी के वित्तीय नतीजे मजबूत रहे। सालाना आधार पर मुनाफा 95 फीसदी बढ़कर 34.60 करोड़ रुपए हो गया, जबकि परिचालन से आय में 46 फीसदी की वृद्धि दर्ज हुई और यह 290 करोड़ रुपए तक पहुंच गई।
कंपनी का EBITDA लगभग दोगुना होकर 33.19 करोड़ रुपए पर पहुंच गया। साथ ही मार्जिन में भी 280 आधार अंकों की बढ़ोतरी हुई, जिससे यह 11.45 फीसदी तक पहुंच गया। ये आंकड़े दिखाते हैं कि कंपनी ने परिचालन और मुनाफे दोनों मोर्चों पर मजबूत प्रदर्शन किया है।
