Share Market Strong: भारी गिरावट के बाद शेयर बाजार में दमदार वापसी, इन 3 कारणों से लौटी तेजी
punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 12:37 PM (IST)
बिजनेस डेस्कः एक दिन पहले आई भारी गिरावट के बाद भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार (20 मार्च) को जोरदार वापसी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में ही बाजार में मजबूत खरीदारी लौटी और निवेशकों का भरोसा फिर से बढ़ता नजर आया।
सुबह करीब 9:30 बजे BSE Sensex 781 अंकों की तेजी के साथ 74,988 के स्तर पर कारोबार कर रहा था, जबकि Nifty 50 252 अंकों की बढ़त के साथ 23,254 के पार पहुंच गया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स में 900 अंकों तक की उछाल भी देखी गई।
क्यों लौटी बाजार में तेजी?
1. कच्चे तेल में नरमी से राहत
तेल की कीमतों में आई गिरावट ने बाजार को बड़ी राहत दी। Brent Crude का भाव घटकर करीब 107 डॉलर प्रति बैरल आ गया, जो पिछले सत्र में 119 डॉलर तक पहुंच गया था। बेंजामिन नेतन्याहू के बयान के बाद उम्मीद जगी कि हालात जल्द सुधर सकते हैं और सप्लाई सामान्य हो सकती है।
2. गिरावट के बाद वैल्यू बायिंग
पिछले कारोबारी दिन 3% से ज्यादा की गिरावट के बाद निवेशकों ने निचले स्तरों पर खरीदारी शुरू की। एक्सपर्ट्स के मुताबिक 23,000 का स्तर निफ्टी के लिए मजबूत सपोर्ट बना, जहां से बाजार में रिकवरी देखने को मिली।
3. ग्लोबल संकेत हुए बेहतर
वैश्विक बाजारों से भी सकारात्मक संकेत मिले। हालांकि अमेरिकी बाजार शुरुआती गिरावट के साथ बंद हुए थे, लेकिन बाद में रिकवरी दिखी। डोनाल्ड ट्रंप के बयान कि अमेरिका जमीनी स्तर पर सैनिक नहीं भेजेगा, और तनाव कम होने के संकेतों ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया।
कुल मिलाकर, तेल की कीमतों में नरमी, वैल्यू बायिंग और बेहतर वैश्विक संकेतों ने मिलकर बाजार को मजबूती दी। हालांकि आगे की दिशा काफी हद तक मिडिल ईस्ट के हालात और ग्लोबल ट्रेंड्स पर निर्भर रहेगी।
