दो दिन की गिरावट के बाद शेयर बाजार का शानदार कमबैक, जानिए किन 5 वजहों से आई तेजी
punjabkesari.in Monday, Jun 16, 2025 - 03:33 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार (16 जून) को मजबूती के साथ शुरुआत की और लगातार दो दिन की गिरावट के बाद तेजी से वापसी की। एशियाई बाजारों में सकारात्मक रुझान और भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की संभावनाओं ने निवेशकों में भरोसा लौटाया, जिससे सेंसेक्स और निफ्टी में जबरदस्त तेजी देखने को मिली।
बीएसई सेंसेक्स 677.55 अंक या 0.84% की बढ़त के साथ 81,796.15 पर बंद हुआ। जबकि निफ्टी 227.90 अंक यानी 0.92% की छलांग लगाकर 24,946.50 के स्तर पर क्लोज हुआ।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 27 में तेजी और 3 में गिरावट देखने को मिली। आज एनर्जी, IT और FMCG शेयर्स में बढत रही। टेक महिंद्रा, ITC और इंफोसिस के शेयर में करीब 2% की तेजी रही।
बाजार में तेजी के 5 प्रमुख कारण
1. एशियाई बाजारों से मजबूत संकेत
जापान का निक्केई, कोरिया का कोस्पी और चीन के इंडेक्स में मजबूती से भारतीय बाजारों को भी सहारा मिला। वॉल स्ट्रीट फ्यूचर्स में तेजी से ग्लोबल सेंटीमेंट में सुधार देखा गया।
2. भारत-अमेरिका ट्रेड डील की उम्मीद
दोनों देशों के बीच संभावित व्यापार समझौते की खबर से निवेशकों में उत्साह देखा गया। यह समझौता जुलाई के पहले हफ्ते तक हो सकता है।
3. आईटी शेयरों में उछाल
जियोपॉलिटिकल तनाव के बीच आईटी कंपनियों में मजबूती देखी गई। TCS, HCL टेक और कोफोर्ज जैसे स्टॉक्स में 1.5% तक की बढ़त रही।
4. वोलैटिलिटी इंडेक्स में गिरावट
इंडिया VIX में 1.84% की गिरावट देखी गई, जो निवेशकों के बीच स्थिरता की भावना को दर्शाता है।
5. वैश्विक सेंट्रल बैंकों की बैठकों पर निगाह
फेडरल रिजर्व और बैंक ऑफ जापान की आगामी बैठकों से पहले निवेशक सतर्क हैं। विश्लेषकों को उम्मीद है कि दोनों बैंक ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं करेंगे, जिससे अस्थिरता सीमित रह सकती है।