Gold Price in India: हफ्तेभर में 1,000 रुपए से ज्यादा महंगा हुआ सोना, चांदी में भी आया बड़ा उछाल
punjabkesari.in Saturday, Mar 08, 2025 - 01:22 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः सोने-चांदी की कीमतों (gold-silver price) में इस सप्ताह लगातार तेजी देखी गई। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) के अनुसार, शुक्रवार (28 फरवरी) को 24 कैरेट सोने का भाव 85,056 रुपए प्रति 10 ग्राम था, जो 1,003 रुपए बढ़कर 86,059 रुपए पर पहुंच गया।
चांदी की कीमत में भी जोरदार उछाल आया, जो 3,244 रुपए बढ़कर 96,724 रुपए प्रति किलो हो गई। 28 फरवरी को यह 93,480 रुपए प्रति किलो थी।
शुक्रवार को सर्राफा बाजार में सोने का हाल
शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमत 89,000 रुपए प्रति 10 ग्राम के स्तर से नीचे फिसल गई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ ने यह जानकारी दी। राष्ट्रीय राजधानी में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 200 रुपए की गिरावट के साथ 88,900 रुपए प्रति 10 ग्राम रहा। यह सोने में गिरावट का दूसरा दिन था। वहीं 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 200 रुपए की गिरावट के साथ 88,500 रुपए प्रति 10 ग्राम रहा।
कारोबारियों ने कहा कि स्थानीय आभूषण विक्रेताओं के साथ-साथ खुदरा लिवालों की ओर से मांग में कमी के कारण सोने की कीमतों में गिरावट आई। हालांकि, चांदी की कीमत 500 रुपए बढ़कर 99,500 रुपए प्रति किलोग्राम हो गई। इसके साथ इसमें लगातार चौथे दिन तेजी जारी रही। पिछले चार सत्रों में चांदी में 3,100 रुपए की तेजी आई है।