केंद्र सरकार पर कर्ज का बोझ बढ़ा, दूसरी तिमाही में कुल देनदारी बढ़कर 147.19 लाख करोड़

punjabkesari.in Tuesday, Dec 27, 2022 - 06:42 PM (IST)

नई दिल्लीः केंद्र सरकार पर कर्ज का बोझ बढ़ गया है। वित्त मंत्रालय की रिपोर्ट के अनुसार, सरकार की कुल देनदारी सितंबर के अंत में बढ़कर 147.19 लाख करोड़ रुपए पर पहुंच गई है। इससे पहले जून तिमाही में यह 145.72 करोड़ रुपए थी। सार्वजनिक कर्ज के ताजा आंकड़ों के अनुसार, प्रतिशत के हिसाब से तिमाही आधार पर चालू वित्त वर्ष 2022-23 की दूसरी तिमाही में इसमें एक प्रतिशत की वृद्धि हुई है।

वित्त मंत्रालय की तरफ से मंगलवार को सार्वजनिक कर्ज प्रबंधन पर जारी तिमाही रिपोर्ट के अनुसार, इस साल सितंबर के अंत में सार्वजनिक कर्ज, सकल देनदारी का 89.1 प्रतिशत रहा जो 30 जून को समाप्त तिमाही में 88.3 प्रतिशत था।

केंद्र ने सिक्योरिटीज के जरिए 4,06,000 करोड़ रुपए जुटाए

इसमें कहा गया है कि करीब 29.6 प्रतिशत सरकारी प्रतिभूतियां (निश्चित या परिवर्तनशील ब्याज वाली प्रतिभूतियां) पांच साल से कम अवधि में परिपक्व होने वाली हैं। रिपोर्ट के अनुसार, दूसरी तिमाही के दौरान केंद्र सरकार ने प्रतिभूतियों के जरिए 4,06,000 करोड़ रुपए जुटाए हैं जबकि उधारी कार्यक्रम के तहत अधिसूचित राशि 4,22,000 करोड़ रुपए थी। वहीं 92,371.15 करोड़ रुपए लौटाए गए।

चालू वित्त वर्ष 2022-23 की दूसरी तिमाही में भारांश औसत प्रतिफल बढ़कर 7.33 प्रतिशत हो गया जो पहली तिमाही में 7.23 प्रतिशत था। दूसरी तिमाही में नई जारी प्रतिभूतियों के परिपक्व होने की भारांश औसत अवधि 15.62 साल थी जो पहली तिमाही में 15.69 वर्ष थी।

विदेशी मुद्रा भंडार में भी आई कमी

सरकार ने जुलाई-सितंबर तिमाही में नकद प्रबंध बिल यानी नकदी प्रबंधन के लिए अल्प अवधि की प्रतिभूतियों के जरिए कोई राशि नहीं जुटाई है। इस दौरान भारतीय रिजर्व बैंक ने सरकारी प्रतिभूतियों के लिए कोई खुली बाजार गतिविधियां आयोजित नहीं कीं। रिपोर्ट में विदेशी मुद्रा भंडार के संदर्भ में कहा गया है कि यह 30 सितंबर, 2022 को 532.66 अरब डॉलर रहा जो 24 सितंबर, 2021 को 638.64 अरब डॉलर था। एक जुलाई, 2022 से 30 सितंबर, 2022 के दौरान डॉलर के मुकाबले रुपया 3.11 प्रतिशत नीचे आया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Recommended News

Related News