सेंसेक्स 367 पॉइंट ऊपर 49500 के पार, निफ्टी में भी 100 अंकों से ज्यादा की बढ़त
punjabkesari.in Tuesday, Apr 06, 2021 - 10:19 AM (IST)

नई दिल्लीः शेयर बाजार में आज यानी मंगलवार को अच्छी मजबूती है। सेंसेक्स 367 अंक चढ़कर 49,526 पर पहुंच गया है। निफ्टी भी 107 अंकों की बढ़त के साथ 14,745 पर कारोबार कर रहा है। इससे पहले सोमवार को बाजार में भारी गिरावट दर्ज की गई थी।
मेटल और फार्मा सेक्टर में तेजी
निवेशक सबसे ज्यादा मेटल और फार्मा सेक्टर के शेयरों में खरीदारी कर रहे हैं। NSE पर दोनों इंडेक्स 1-1% से ज्यादा की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। निफ्टी में JSW स्टील का शेयर सबसे ज्यादा 3% की बढ़त के साथ कारोबार कर रहा है।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेस के चीफ इन्वेस्टमेंट स्ट्रैटेजिस्ट वी के विजय कुमार के मुताबिक दुनियाभर की आर्थिक रिकवरी में सबसे आगे अमेरिका और चीन हैं, जिससे उभरते बाजार जैसे भारत को फायदा मिल रहा है। दूसरी ओर तिमाही नतीजों की भी शुरुआत होने वाली है। इससे बाजार में खरीदारी लौटी है। उन्होंने बताया कि भारतीय बाजार में बढ़त आगे भी जारी रहेगी। इसमें मिडकैप और स्मॉलकैप सेक्टर के शेयर फोकस में रहेंगे। इन सेक्टर ने निवेशकों को 2021 में अब तक 15% का रिटर्न दे चुके हैं।
1,482 शेयरों में बढ़त
इसी तरह सेंसेक्स में भी शामिल 30 में से 27 शेयरों में बढ़त है। पावर ग्रिड का शेयर 2% ऊपर कारोबार कर रहा है। BSE पर 2,120 शेयरों में कारोबार हो रहा है। 1,482 शेयरों में बढ़त और 552 में गिरावट है। लिस्टेड कंपनियों का टोटल मार्केट कैप 206.56 लाख करोड़ रुपए हो गया है, जो कल 205.09 लाख करोड़ रुपए था।
जापान, चीन सहित कोरिया के बाजारों में गिरावट
- जापान का निक्केई इंडेक्स 354 पॉइंट्स यानी 1.18% गिरकर 29,735 पर कारोबार कर रहा है।
- चीन का शंघाई कंपोजिट इंडेक्स 11 अंक नीचे 3,473 पर आ गया है।
- कोरिया के कोस्पी इंडेक्स में भी 4 अंकों की मामूली गिरावट है, इंडेक्स 3,117 पर कारोबार कर रहा है।
- दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया का ऑल ऑर्डनरीज इंडेक्स 75 अंक ऊपर 7,140 पर पहुंच गया है।
अमेरिकी बाजारों में रिकॉर्ड बढ़त, आर्थिक रिकवरी से खरीदारी
अमेरिकी शेयर बाजारों में मजबूत आर्थिक रिकवरी के चलते खरीदारी रही। S&P 500 और डाओ जोंस इंडेक्स रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुए। S&P 500 इंडेक्स 58 पॉइंट ऊपर 4,077 पर बंद हुआ। इसी तरह डाओ जोंस इंडेक्स 373 पॉइंट बढ़त के साथ 33,527 पर बंद हुआ। नैस्डैक इंडेक्स भी 225 अंक उछाल के साथ 13,705 पर पहुंच गया है। इससे पहले यूरोपियन मार्केट में सपाट कारोबार देखने को मिला, जिसमें फ्रांस, ब्रिटेन और जर्मनी के शेयर बाजार शामिल हैं।