40 से कम उम्र के अमीरों में भारतीय मूल के पुदुर 10वें स्थान पर

punjabkesari.in Wednesday, Mar 04, 2015 - 03:50 PM (IST)

न्यूयाँर्कः भारतीय मूल के अरबपति और सॉफ्टवेयर कंपनी ‘सेल्फ्रेम टेक्नोलॉजी ग्रुप ऑफ कंपनीज’ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अरुण पुदुर 40 साल से कम उम्र के अमीरों की सूची में 10वें स्थान पर जगह बनाने में कामयाब हुए हैं। 
 
फेसबुक के सीईओ मार्क जुकरबर्ग सूची में पहले नंबर पर हैं। दुनिया के अत्यंत अमीरों की सूची जारी करने वाली संस्था वेल्थएक्स के अनुसार पुदुर की निजी संपत्ति चार अरब डॉलर है। उनकी कंपनी सेल्फ्रेम के ग्राहकों में बोइंग, एमटीवी, मोर्टेल, जीएम और डेल्टा जैसी बड़ी कंपनियाँ शामिल हैं। 
 
तीस वर्षीय जुकरबर्ग की संपत्ति 35.1 अरब डॉलर आंकी गई है जो इस सूची में शामिल अन्य सभी व्यक्तियों की कुल संपत्ति की तुलना में 40 प्रतिशत ज्यादा है। उनके बाद फेसबुक के ही कर्मचारी डस्टिन मोस्कोविज का नाम है जबकि व्हाट्सप्प के सह संस्थापक तथा सीईओ जैन कुम को सूची में तीसरा स्थान दिया गया है।
 
मोस्कोविज की संपत्ति 7.7 अरब डॉलर तथा कुम की संपत्ति भी लगभग इतनी ही आंकी गई है। इस सूची में दो महिलाओं के नाम भी शामिल हैं। चीनी कंपनी कंट्री गार्डन होल्डिंग्स की उत्तराधिकारी 34 वर्षीय यांग हुआन और बॉयो टेक्नोलॉजी क्षेत्र की उद्यमी 31 वर्षीय एलिजाबेथ होम्स की संपत्ति क्रमश: 5.1 अरब और 4.5 अरब डॉलर बतायी गई है। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News