भारत से विदेशी बाजारों की ओर उड़ान भर रहे Android Smartphones, अमेरिका बना सबसे बड़ा खरीदार
punjabkesari.in Friday, Jun 27, 2025 - 05:50 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः सिर्फ Apple के iPhone ही नहीं, अब भारत में बने Android स्मार्टफोन्स की भी अमेरिका में जोरदार मांग देखने को मिल रही है। इस बढ़ोतरी की वजह अमेरिकी टैरिफ नीति और भारत सरकार की PLI (प्रोडक्शन-लिंक्ड इंसेंटिव) योजना मानी जा रही है।
मार्केट रिसर्च फर्म Canalys के अनुसार, Lenovo के स्वामित्व वाली Motorola ने साल 2025 के पहले पांच महीनों में 16 लाख Android स्मार्टफोन्स भारत से निर्यात किए, जिनमें से 99% अमेरिका भेजे गए। पिछले साल इसी अवधि में Motorola ने केवल 10 लाख यूनिट्स का निर्यात किया था, जिससे साफ है कि निर्यात में 60% से अधिक की वृद्धि हुई है। वहीं, Samsung ने इसी अवधि में 9.45 लाख स्मार्टफोन अमेरिका भेजे, जो बीते साल के 6.45 लाख से ज्यादा है।
भारत बना ग्लोबल स्मार्टफोन मैन्युफैक्चरिंग हब
Motorola का यह निर्यात आंकड़ा भारत के बढ़ते इलेक्ट्रॉनिक्स निर्यात क्षेत्र का उदाहरण है। भारत सरकार के PLI स्कीम (प्रोडक्शन लिंक्ड इंसेंटिव) और Make in India अभियान ने कंपनियों को भारत में निर्माण और निर्यात के लिए आकर्षित किया है।
विशेषज्ञों का मानना है कि चीन से दूरी बनाने की अमेरिकी नीति और भारत में किफायती निर्माण लागत ने इस ग्रोथ को बढ़ावा दिया है।
Apple अब भी भारत से सबसे बड़ा स्मार्टफोन निर्यातक बना हुआ है- 2025 की पहली छमाही में भारत से हुए 3.5 करोड़ स्मार्टफोन निर्यात में से 2.05 करोड़ यूनिट्स Apple के थे, जिनमें 80% अमेरिका गए।
Transsion (Infinix, Tecno, iTel) और Vivo जैसे ब्रांड भी भारत से निर्यात बढ़ा रहे हैं। Dixon अब Google Pixel के एक्सपोर्ट पर भी विचार कर रहा है।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?
Canalys के एक विश्लेषक ने बताया, “भारत तेजी से अमेरिका के लिए स्मार्टफोन सप्लाई का वैकल्पिक केंद्र बन रहा है। Motorola जैसे ब्रांड इस ट्रेंड का फायदा उठा रहे हैं, खासकर ऐसे वक्त में जब अमेरिका चीन पर निर्भरता घटाना चाहता है।”