Morgan Stanley में बड़ी छंटनी! 2,500 कर्मचारियों को निकाला, जानिए क्या है वजह?

punjabkesari.in Thursday, Mar 05, 2026 - 12:46 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः वैश्विक निवेश बैंकिंग सेक्टर की दिग्गज कंपनी Morgan Stanley ने अपने विभिन्न डिवीजनों में करीब 2,500 कर्मचारियों की छंटनी कर दी है। यह संख्या कंपनी के कुल कर्मचारियों का लगभग 3 प्रतिशत है। 31 दिसंबर 2025 तक कंपनी में दुनियाभर में करीब 82,992 कर्मचारी कार्यरत थे।

रिपोर्ट के अनुसार यह छंटनी मुख्य रूप से तीन बड़े डिवीजनों—इनवेस्टमेंट बैंकिंग और ट्रेडिंग, वेल्थ मैनेजमेंट और इनवेस्टमेंट मैनेजमेंट—में की गई है। हालांकि कंपनी के फाइनेंशियल एडवाइजर्स पर इस फैसले का असर नहीं पड़ेगा। सूत्रों के मुताबिक यह कदम रणनीतिक पुनर्गठन और कर्मचारियों के व्यक्तिगत प्रदर्शन के आधार पर उठाया गया है।

कंपनी का कहना है कि कुछ क्षेत्रों में कर्मचारियों की संख्या कम करने के साथ-साथ वह अन्य संभावनाशील क्षेत्रों में नई भर्तियां भी करेगी। इस छंटनी की खबर सबसे पहले The Wall Street Journal की रिपोर्ट में सामने आई थी।

दिलचस्प बात यह है कि कंपनी के लिए वर्ष 2025 वित्तीय रूप से काफी मजबूत रहा। Morgan Stanley ने इस दौरान करीब 70.6 अरब डॉलर का रिकॉर्ड वार्षिक राजस्व दर्ज किया। इसके बावजूद लागत को नियंत्रित करने और परिचालन को अधिक कुशल बनाने के लिए कंपनी ने यह कदम उठाया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि हाल के समय में कई अमेरिकी कंपनियां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तकनीकों को तेजी से अपनाने के कारण अपने ऑपरेशंस को फिर से व्यवस्थित कर रही हैं, जिससे बड़े पैमाने पर नौकरियों में कटौती देखने को मिल रही है।

Block में भी 4,000 कर्मचारियों की छंटनी 

इसी कड़ी में हाल ही में Jack Dorsey की कंपनी Block ने भी करीब 4,000 कर्मचारियों की छंटनी की घोषणा की थी, जो कंपनी के कुल कर्मचारियों का लगभग आधा हिस्सा है। डोर्सी ने कहा कि कंपनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर बड़ा दांव लगा रही है और भविष्य में कई कंपनियों को इसी तरह के फैसले लेने पड़ सकते हैं।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News