LPG Tensions: LPG टेंशन के बीच इंडक्शन स्टोव की खरीदारी में उछाल, 20 गुना बढ़ी डिमांड

punjabkesari.in Wednesday, Mar 11, 2026 - 01:08 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः ईरान-इजरायल संघर्ष के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार में अनिश्चितता बढ़ने लगी है, जिसका असर अब भारत के घरेलू बाजार पर भी दिख रहा है। कई शहरों में एलपीजी सिलेंडर की उपलब्धता को लेकर चिंता के बीच लोग तेजी से इंडक्शन कुकटॉप जैसे विकल्पों की ओर रुख कर रहे हैं। इसी वजह से पिछले कुछ दिनों में इंडक्शन स्टोव की मांग में अचानक भारी उछाल देखने को मिला है और कई ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर ये प्रोडक्ट तेजी से आउट ऑफ स्टॉक हो गए हैं।

रिपोर्ट्स के अनुसार क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म जैसे Blinkit, Swiggy की सेवा इंस्टामार्ट और Zepto पर इंडक्शन कुकटॉप पर भारी छूट दी जा रही है। इसके बावजूद कई प्रोडक्ट स्टॉक से बाहर हो चुके हैं और उपलब्ध विकल्प भी सीमित रह गए हैं।

बिक्री में तेज उछाल

क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर इंडक्शन कुकटॉप की मांग सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना बढ़ गई है। इंस्टामार्ट के अनुसार इसकी बिक्री लगभग 10 गुना तक बढ़ गई है। वहीं BigBasket ने बताया कि सोमवार से अब तक इंडक्शन कुकटॉप की बिक्री करीब 5 गुना बढ़ी है और कंपनी अपने मासिक अनुमान को तीन गुना तक बढ़ाने की तैयारी कर रही है।

ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी यही रुझान देखने को मिल रहा है। Flipkart के मुताबिक पिछले कुछ दिनों में इंडक्शन कुकटॉप की बिक्री तीन गुना तक बढ़ गई है। वहीं Amazon ने कहा कि पिछले 24 घंटों में इसकी मांग सामान्य दिनों के मुकाबले करीब 20 गुना तक बढ़ गई।

LPG को लेकर बढ़ी चिंता

विशेषज्ञों का मानना है कि एलपीजी सप्लाई को लेकर बढ़ती आशंकाओं के कारण लोग वैकल्पिक कुकिंग विकल्प तलाश रहे हैं। खासकर मेट्रो शहरों में जहां अधिकांश घर एलपीजी सिलेंडर पर निर्भर हैं, वहां इंडक्शन कुकटॉप की मांग तेजी से बढ़ी है। इसी बीच कुछ इलाकों में गैस बुकिंग की प्रतीक्षा अवधि बढ़ने और आपूर्ति से जुड़ी खबरों ने भी लोगों को सतर्क कर दिया है।

कंपनियों के शेयरों में तेजी

इंडक्शन स्टोव बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में भी इस मांग का असर दिखा। Hawkins Cookers के शेयर में हाल के दिनों में तेजी देखी गई, जबकि TTK Prestige का शेयर बुधवार के कारोबार में 13 प्रतिशत से अधिक चढ़ गया। इसके अलावा Bajaj Electricals के शेयर में भी करीब 2 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।

विशेषज्ञों का कहना है कि यदि गैस आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता बनी रहती है तो आने वाले दिनों में इंडक्शन कुकटॉप और अन्य इलेक्ट्रिक किचन अप्लायंसेज की मांग और बढ़ सकती है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News