Job Cuts: Meta में बड़ी छंटनी की तैयारी, 16,000 कर्मचारियों की नौकरी पर खतरा

punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 02:50 PM (IST)

बिजनेस डेस्कः Meta एक बार फिर बड़े स्तर पर छंटनी की तैयारी कर रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक कंपनी अपने कर्मचारियों की संख्या में 20% या उससे ज्यादा कटौती करने पर विचार कर रही है। यह कदम कंपनी द्वारा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंफ्रास्ट्रक्चर पर किए जा रहे भारी निवेश की भरपाई और भविष्य की रणनीति के तहत उठाया जा सकता है।

करीब 16 हजार कर्मचारियों पर असर संभव

कंपनी की हालिया फाइलिंग के अनुसार 31 दिसंबर 2025 तक Meta में करीब 79,000 कर्मचारी काम कर रहे थे। अगर कंपनी 20% कर्मचारियों की छंटनी करती है, तो करीब 16,000 कर्मचारियों की नौकरी प्रभावित हो सकती है। अगर ऐसा होता है, तो यह 2022–23 में हुई रीस्ट्रक्चरिंग के बाद कंपनी की सबसे बड़ी छंटनी होगी।

पहले भी हो चुकी है बड़ी छंटनी

इससे पहले नवंबर 2022 में Meta ने करीब 11,000 कर्मचारियों को नौकरी से निकाला था, जो उस समय कंपनी के कुल कर्मचारियों का लगभग 13% था। इसके कुछ महीनों बाद कंपनी ने 10,000 और नौकरियों में कटौती करने की घोषणा की थी।

AI पर बड़ा दांव

कंपनी के CEO Mark Zuckerberg पिछले एक साल से Meta को जनरेटिव AI के क्षेत्र में मजबूत बनाने पर जोर दे रहे हैं। इसके लिए कंपनी ने कई शीर्ष AI रिसर्चर्स को अपनी नई “सुपरइंटेलिजेंस टीम” में शामिल करने के लिए बड़े पैकेज ऑफर किए हैं।

भारी निवेश और नई खरीदारी

Meta आने वाले वर्षों में डेटा सेंटर और AI इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने के लिए 2028 तक लगभग 600 अरब डॉलर निवेश करने की योजना बना रही है। इसी रणनीति के तहत कंपनी ने हाल ही में Moltbook नाम के एक सोशल नेटवर्किंग प्लेटफॉर्म का अधिग्रहण किया है, जो AI एजेंट्स के लिए विकसित किया गया था।

इसके अलावा Meta चीनी AI स्टार्टअप Manus को खरीदने के लिए भी करीब 2 अरब डॉलर खर्च करने की तैयारी कर रही है। विशेषज्ञों का मानना है कि AI के बढ़ते इस्तेमाल के कारण टेक कंपनियां अब कम कर्मचारियों के साथ ज्यादा काम करने की रणनीति पर आगे बढ़ रही हैं, जिसका असर आने वाले समय में रोजगार पर भी पड़ सकता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

jyoti choudhary

Related News