‘चंद अवैध नशा मुक्ति केंद्र’ बनते जा रहे रोगियों के टार्चर और लूट के अड्डे!
punjabkesari.in Tuesday, Nov 24, 2026 - 03:56 AM (IST)
भारत में पिछले कुछ दशकों के दौरान विशेष रूप से युवाओं में नशे की लत में भारी वृद्धि होने के कारण समाज विरोधी तत्वों ने अवैध नशा मुक्ति केंद्र खोल कर पीड़ितों का इलाज करने की बजाय उन्हें ठगा जा रहा है और उनसे भारी-भरकम रकमें वसूल की जा रही हैं।
भारत के विभिन्न राज्यों के नशा मुक्ति केंद्रों में मरीजों से दुव्र्यवहार, मारपीट और मौतों की कई खबरें सामने आई हैं जिनकी कुछ घटनाएं निम्न में दर्ज हैं :
* 30 मार्च को ‘रायपुर’ (छत्तीसगढ़) के एक अवैध नशा मुक्ति केंद्र में इलाज के लिए भर्ती एक मरीज को केंद्र के संचालक के बेटे ‘अनिकेश’ ने लोहे के पाइप से इतनी बुरी तरह पीटा कि उसके शरीर की चमड़ी उधड़ गई और उसकी गर्दन तथा पीठ पर गहरे घाव हो गए।
* 13 जून को ‘तिरुनेलवेली’ (तमिलनाडु) के ‘विक्रमसिंघपुरम’ के एक अवैध नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती 17 वर्षीय किशोर को केंद्र के स्टाफ ने इलाज के नाम पर पीट-पीट कर मार डाला।
* 12 जुलाई को ‘तरनतारन’ (पंजाब) में पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम ने एक अवैध नशा मुक्ति केंद्र पर छापा मारकर 20 युवाओं को छुड़ाया। वहां मरीजों के साथ मारपीट करने और इलाज के नाम पर उन्हें प्रतिबंधित दवाएं (नशे) देने के मामले सामने आए।
* 10 सितम्बर को ‘खन्ना’ (पंजाब) में पुलिस ने ‘घुंगराली राजपूतां’ गांव के एक घर में अवैध रूप से चल रहे केंद्र को सील कर 55 लोगों को सुरक्षित निकाला। संचालकों के पास से 15 ग्राम हैरोइन भी बरामद हुई।
* 18 सितम्बर को ‘मेरठ’ (उत्तर प्रदेश) में ‘वेद व्यास पुरी’ स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में इलाज के लिए भर्ती एक व्यक्ति की नशा केंद्र के लोगों द्वारा मारपीट के बाद मौत हो गई। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने केंद्र के 4 कर्मचारियों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया।
* 15 अक्तूबर को ‘चेन्नई’ (तमिलनाडु) के ‘मंगडू’ इलाके के एक निजी नशा मुक्ति केंद्र में सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात 2 कर्मचारियों ने बहस के बाद वहां उपचाराधीन 21 वर्षीय मरीज की हत्या कर दी।
* 25 अक्तूबर को ‘मालेरकोटला’ (पंजाब) में पुलिस ने ‘बिंजोकी कलां’ गांव में ‘नशा मुक्त समाज वैल्फेयर सोसायटी’ के नाम से चल रहे अवैध नशा मुक्ति केंद्र का भंडाफोड़ करके वहां से 48 उपचाराधीन नशेडिय़ों को मुक्त कराया जिन्हें बंदी बना कर उनसे काम करवाया जा रहा था।
* 10 नवम्बर को ‘कुमारघाट’ (त्रिपुरा) के ‘सैनिटी’ नामक अवैध नशा मुक्ति केंद्र में इलाज करवा रहे ‘रंजन शर्मा’ (27) की मौत हो गई। रंजन के परिजनों ने केंद्र संचालकों पर उसे टार्चर करने का आरोप लगाया है।
* 12 नवम्बर को ‘अमृतसर’ (पंजाब) में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने टांगरा इलाके में बिना पंजीकरण चल रहे एक अवैध नशा मुक्ति केंद्र पर छापेमारी कर वहां उपचाराधीन 75 मरीजों को छुड़ाया।
* 18 नवम्बर को ‘पट्टïी’ (पंजाब) के गांव ‘जंड’ में एक बंद पड़े निजी स्कूल में चल रहे अवैध नशा मुक्ति केंद्र पर स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने छापा मार कर वहां बेहद गंदगी और जानवरों जैसी स्थिति में रखे गए 23 मरीजों को रैस्क्यू कर सरकारी नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया जिनके साथ नशा केंद्र के संचालकों द्वारा दुव्र्यवहार किए जाने की शिकायतें मिली थीं।
अवैध नशा मुक्ति केंद्रों के कारण पीड़ितों का शोषण रोकने के लिए सरकार को अधिक नशा मुक्ति केंद्र खोलने और उनमें विशेषज्ञ मनोचिकित्सकों की संख्या बढ़ानी चाहिए। इसके साथ ही पीड़ितों के परिवारों को जागरूक करना चाहिए कि वे रोगियों को अवैध नशा मुक्ति केंद्रों में इलाज के लिए लेकर न जाएं ताकि वे लुटने से भी बचे रहें और सरकारी नशामुक्ति केंद्रों में उनके मरीजों का सही इलाज भी हो सके।—विजय कुमार
