‘पहाड़ी क्षेत्रों में सड़क दुर्घटनाएं’ कहीं खड्ड में लुढ़कने तो कहीं पत्थर गिरने से मौतें!
punjabkesari.in Sunday, Nov 22, 2026 - 02:39 AM (IST)
दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों तथा ड्राइवरों के तेज रफ्तार से वाहन चलाने के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में आए दिन वाहनों के खड्डों में लुढ़कने या वाहन पर पहाडिय़ों से पत्थर गिरने से बड़ी संख्या में सड़क दुर्घटनाओं के कारण लोगों की मौतें हो रही हैं, जिनकी पिछले लगभग 4 महीनों में सामने आई चंद घटनाएं निम्न में दर्ज हैं :
* 24 जुलाई को ‘लाहौल-स्पीति’ (हिमाचल प्रदेश) में ‘उदयपुर- किलार रोड’ पर ‘काडू नाला’ के निकट एक ‘टाटा सूमो गाड़ी’ के ऊपर पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर लुढ़क कर गिर पड़ा जिससे उसमें सवार सभी 13 लोगों की मौत हो गई।
* 8 अगस्त को ‘चम्बा’ (हिमाचल प्रदेश) में ‘बैरागढ़-तीसा’ सड़क पर ‘चालूंज मोड़’ के निकट एक बस गहरी ढलान पर लुढ़ककर नीचे जा गिरी जिससे उसमें सवार 7 यात्रियों की मौत हो गई और 11 अन्य घायल हो गए।
* 2 अक्तूबर को ‘देहरादून’ (उत्तराखंड) में ‘ट्यूनी’ नामक स्थान के निकट मोड़ काटते समय एक कार गहरी खड्डï में जा गिरी जिससे उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई और 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
* 15 नवम्बर को ‘धर्मशाला’ (हिमाचल प्रदेश) में पंजाब के एक पर्यटक की कार ‘मैकलोडगंज’ में एक पहाड़ी से लुढ़क कर नीचे गिर गई जिसके परिणामस्वरूप उसकी मौत हो गई।
* 16 नवम्बर की रात को ‘टिहरी गढ़वाल’ (उत्तराखंड) के ‘पावकी देवकी’ क्षेत्र में ‘बांसकाटल’ के निकट एक वाहन लगभग 60 मीटर गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई व 7 अन्य घायल हो गए।
* 16 नवम्बर को ही ‘टिहरी गढ़वाल’ की ‘उखीमठ’ तहसील में ‘कंडारा’ मोटर मार्ग पर एक वाहन गहरी खाई में गिर जाने से एक विवाह समारोह से लौट रहे 4 बारातियों की मौत हो गई और 6 अन्य घायल हो गए।
* 17 नवम्बर को ‘टिहरी गढ़वाल’ (उत्तराखंड) में ही ‘ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग’ पर तड़के लगभग 4.30 बजे ‘गुलार बाजार’ के निकट ‘चमोली’ की ओर जा रही एक बस पुल से लगभग 100 मीटर नीचे खाई में गिर जाने से 9 लोगों की जान चली गई।
* 17 नवम्बर को ही ‘शिमला’ (हिमाचल प्रदेश) में ‘रामपुर बुशहर’ में ‘गोगोरा’ सड़क के निकट एक बस बेकाबू होकर गहरी खाई में गिर जाने से उसमें सवार 3 लोगों की मौत हो गई।
* 18 नवम्बर को ‘लड़भड़ोल’ (मंडी, हिमाचल प्रदेश) में एक कार बेकाबू होकर 250 फुट गहरी खाई में जा गिरी, जिससे उसमें सवार 6 लड़कों की मौत हो गई। क्षेत्र की दुर्गम स्थिति के कारण घटना का पता 15 घंटे बाद चला।
* 20 नवम्बर को ‘कोडाईकनाल’ (तमिलनाडु) में एक मिनी बस बेकाबू होकर गहरी खाई में जा गिरी जिससे 3 यात्रियों की मौत व 16 घायल हो गए।।
तेज रफ्तार और रैश ड्राइविंग, खतरनाक ढंग से दूसरे वाहनों से आगे निकलने की कोशिश, नशीले पदार्थों और शराब का सेवन, फिसलन भरी सड़कें, खराब वाहन, प्रतिकूल मौसम और तीखे मोड़ों पर दुर्घटना अवरोधकों का अभाव दुर्घटनाओं के बड़े कारण हैं।
विशेष रूप से गांवों की सड़कों पर सरकारी परिवहन की बसें कम होने के कारण निजी बसों में क्षमता से अधिक सवारियां ठूंस-ठूंस कर भरी जाती हैं। गति-सीमा नियमों का पालन नहीं किया जाता और कई जोखिम वाली जगहों पर दुर्घटना से बचने की चेतावनी देने वाले बोर्ड भी नहीं लगे हुए। अत: जब तक पहाड़ी क्षेत्रों में सड़कों पर जगह-जगह सूचना पट्ट व लापरवाह ड्राइविंग पर नजर रखने के लिए सी.सी.टी.वी. कैमरे नहीं लगाए जाएंगे और सड़कों के किनारे अवरोधक नहीं लगाए जाएंगे, तब तक इसी प्रकार सड़क दुर्घटनाएं होती रहेंगी और परिवार उजड़ते रहेंगे।—विजय कुमार
