‘सड़कों पर घूमते बेसहारा जानवर’ दुर्घटनाओं से हो रही मौतें!

punjabkesari.in Thursday, Nov 19, 2026 - 02:45 AM (IST)

कुछ वर्षों से सड़कों पर घूम रहे बेसहारा जानवर लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन गए हैं। इसी कारण एक केस की सुनवाई के दौरान 31 जुलाई, 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने सरकारी आंकड़ों के हवाले से कहा था कि पिछले कई वर्षों से देश में बेसहारा जानवरों के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं में प्रति वर्ष लगभग 1000 या अधिक लोगों के प्राण जा रहे हैं। बेसहारा जानवरों के कारण सड़क दुर्घटनाओं में मौतों की पिछले लगभग 6 महीनों में हुई चंद घटनाएं निम्न में दर्ज हैं :

* 6 मई को ‘ऊधम सिंह नगर’ (उत्तराखंड) में घूम रहे जानवर से टकरा कर जमीन पर गिरे मोटरसाइकिल सवार युवक को वहां से गुजर रहे ट्रक ने कुचल दिया। 
* 25 सितम्बर को ‘फरीदाबाद’ (हरियाणा) में रात के समय सड़क से गुजर रहे ‘सुनील कुमार पांडे’ नामक युवक की मोटरसाइकिल अचानक सामने आए एक सांड से टकरा कर गिर जाने से उसकी मौत हो गई। 

* 27 सितम्बर को ‘मालपुर’ (उत्तर गुजरात) में ‘थराड एक्सप्रैस-वे’ पर गुजर रही एक कार और सांड की टक्कर के परिणामस्वरूप कार में सवार 2 लोगों की मौत हो गई।
* 23 अक्तूबर को ‘सलेम’ (तमिलनाडु) में एक आटोरिक्शा के आगे अचानक आए कुत्ते को बचाने की कोशिश में आटो रिक्शा पलट गया, जिससे चालक तथा उसमें सवार 2 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए।
* 5 नवम्बर को पंजाब में ‘नकोदर-जालंधर रोड’ पर ‘हरिपुर’ गांव के निकट बेसहारा जानवर से टकरा जाने के कारण एक मोटरसाइकिल सवार युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
* 11 नवम्बर को ‘अमरेली’ (गुजरात) के ‘मंडार’ गांव में एक व्यक्ति की मोटरसाइकिल सड़क पार कर रहे एक जंगली सूअर से टकरा कर उलट गई और गंभीर चोटें लगने के कारण मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई। 
* 13 नवम्बर को ‘कासगंज’ (उत्तर प्रदेश) में अपनी बेटी के साथ मोटरसाइकिल पर जा रहे ‘होती लाल’ नामक व्यक्ति की मोटरसाइकिल सड़क पर घूम रहे एक सांड से टकरा कर गिर जाने से ‘होती लाल’ गंभीर घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 

* 16 नवम्बर को ‘सरहिंद’ (पंजाब) में सड़क पर गुजर रहे जानवर से बचने की कोशिश में एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सामने से आ रही एक एक्टिवा से टकरा गई जिससे एक्टिवा पर जा रहे 2 सगे भाइयों ‘रोहण’ और ‘हर्ष’ की मौत हो गई।
* 16 नवम्बर को ही ‘अंजार’ (गुजरात) में एक विवाह समारोह में जा रहे पिता-पुत्र की मोटरसाइकिल के सामने अचानक एक बेसहारा गाय आ जाने से मोटरसाइकिल बेकाबू होकर गिर गई और पिता-पुत्र दोनों की मौत हो गई।

इसी बारे 17 नवम्बर को सुप्रीमकोर्ट के न्यायाधीशों ‘विक्रमनाथ’, ‘संदीप मेहता’ और ‘एन.वी. आचार्या’ ने सड़कों पर बेसहारा पशुओं से होने वाली दुर्घटनाओं में मौतों पर चिंता जताते हुए ‘भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण’ (एन.एच.ए.आई.) से देश भर में राजमार्गों पर टोल प्लाजों के पास बेसहारा जानवरों के लिए आश्रय स्थल बनाने पर गंभीरता से विचार करने को कहा है।

इस पर सालिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को बताया कि राजमार्ग  प्राधिकरण के पास जमीन अधिग्रहण करने की वैधानिक शक्तियां नहीं हैं और मवेशी आश्रय स्थल बनाने में कुछ कठिनाइयां हैं, इसलिए राज्य सरकारों को इस मामले में गम्भीरतापूर्वक सोचना चाहिए। चाहे किसी भी उपाय से बेसहारा जानवरों के लिए सड़कों के किनारे आश्रय स्थल बनाए जाएं, इन्हें बनाना समय की मांग है। ऐसा करने से न सिर्फ जानवरों को आश्रय मिलेगा और वे बेमौत मरने से बचेंगे बल्कि इनके कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाएं घटने से होने वाली राहगीरों की मौतों में भी कमी आएगी।—विजय कुमार 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News