पोप फ्रांसिस ने मेलानिया से किया मजाक, ट्रंप को लेकर पूछा ये सवाल

punjabkesari.in Thursday, May 25, 2017 - 05:19 PM (IST)

वेटिकनः अपने पहले विदेशी दौरे पर निकले अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया के साथ बुधवार को वेटिकन पहुंचे। यहां ट्रंप और मेलानिया के ईसाई धर्मगुरु पोप फ्रांसिस से मुलाकात की। खबरों के मुताबिक, मेलानिया से बात करते हुए पोप फ्रांसिस ने उनसे पूछा कि वह ट्रंप को क्या खिलाती हैं। ट्रंप की पत्नी मेलानिया मूल रूप से स्लोविनिया की रहने वाली हैं। मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि पोप ने स्लोविनिया में बेहद पसंद किए जाने वाले एक केक का जिक्र करते हुए मेलानिया से पूछा, 'आप ट्रंप को क्या खिलाती हैं, पोटिका?' पोटिका स्लोविनिया के लोगों के बीच काफी लोकप्रिय है। 

वेटिकन की ओर से इस खबर की पुष्टि नहीं की गई है, लेकिन यह जरूर बताया गया कि पोप फ्रांसिस को पोटिका बहुत पसंद हैं। वेटिकन के मुताबिक, पोप जब भी स्लोविनिया के किसी शख्स से मिलते हैं, तो पोटिका का जिक्र जरूर करते हैं। यह साफ नहीं हो सका है कि मेलानिया को पोप की बात समझ आई या नहीं।खबरों के मुताबिक, पोप के सवाल पर मेलानिया ने उनसे पूछा कि क्या वह पिज्जा की बात कर रहे हैं। असल में पोटिका का पारंपरिक उच्चारण 'पोतेज्जा' से बहुत मिलता-जुलता है। यही वजह है कि पहले-पहल मेलानिया ने इसे पिज्जा समझ लिया होगा। बाद में जब मेलानिया को पोप की बात समझ आई, तो वह मुस्कुरा दीं। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News