अमरीका के10 मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में भारतीय भी, 65 लाख रुपए का ईनाम घोषित

punjabkesari.in Saturday, Apr 22, 2017 - 06:17 PM (IST)

वॉशिंगटनः अमरीका के संघीय जांच ब्यूरो (FBI) ने टॉप 10 मोस्ट वांटेड अपराधियों की सूची में 26 वर्षीय भारतीय भद्रेश कुमार चेतनभाई पटेल का नाम भी शामिल किया है। उस पर पत्नी की हत्या का आरोप है। एफबीआई ने उसके बारे में किसी भी तरह की जानकारी देने वाले को एक लाख डॉलर (करीब 65 लाख रपए) देने की घोषणा की है।

FBI ने टॉप 10 भगोड़े अपराधियों की नई सूची की जानकारी दी है। जांच एजैंसी ने बताया कि गुजरात निवासी पटेल पत्नी पलक (21) के साथ अमरीका आया था। दोनों मैरीलैंड में हनोवर स्थित एक रेस्तरां में रात के शिफ्ट में काम करते थे। यह रेस्तरां पटेल के एक रिश्तेदार का था। 12 अप्रैल 2015 को पलक रेस्तरां की रसोई में मृत मिली थी। FBI ने एक वीडियो भी जारी किया था, जिसमें पटेल पलक के साथ रसोई में एक रैक के पीछे जाता दिखाई देता है। बाद में वह वहां से अकेले वापस लौटता है और कैमरे की जद से बाहर हो जाता है।

FBI ने कहा कि पत्नी पर ब़़डे चाकू से कई बार हमला करने वाले पटेल को हथियारबंद और बेहद खतरनाक माना जाना चाहिए। जांच एजैंसियों का अनुमान है कि पटेल यहां अपने किसी रिश्तेदार के साथ रह रहा होगा या संभवत: कनाडा भाग गया होगा। कनाडा से उसके भारत लौट जाने की भी आशंका है। एजेंसी सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News