असामाजिक तत्वों ने दर्जनभर घरों को किया आग के हवाले

punjabkesari.in Monday, Jul 27, 2015 - 04:28 PM (IST)

गुलावठी(सैनी): धौलाना क्षेत्र के नया गांव उर्फ मीरपुर में लूट में नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस ने ग्राम छज्जुपुर डहाना के ग्रामीणों के साथ मिलकर दबिश दी। आरोप है कि इसी बीच पुलिस के साथ आए लोगों ने गांव के कुछ युवकों को मारपीट कर बंधक बना लिया। इसे लेकर टकराव की नौबत आ गई। कुछ लोगों ने गांव में 10-12 घरों को आग के हवाले कर दिया। गांव में सांप्रदायिक तनाव के चलते भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

 24 जुलाई को गांव छज्जुपुर डहाना में जगदीश व पूर्व प्रधान वेद प्रकाश के यहां कुछ बदमाशों ने लूट करते हुए एक युवक को गोली मार दी थी। उसके बाद पीड़ितों ने पड़ोस के ही नया गांव उर्फ  मीरपुर खुडिय़ाल के 4 लोगों को नामजद किया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी की दबिश दी। पुलिस ने गांव के कुछ लोगों को पूछताछ के लिए उठा भी लिया था। 
 
ग्रामीणों के अनुसार बीती देर शाम एक बार फिर धौलाना पुलिस ने पूर्व प्रधान वेद प्रकाश व उसके कुछ साथियों के साथ गांव में दबिश दी। उन्होंने पुलिस के साथ मिलकर गांव के ही कुछ युवकों को एक खेत में बंधक बनाकर पीटना शुरू कर दिया। इसी बीच अराजक तत्वों ने गांव के मुनफेद, युनूस, इस्लाम, फरीद, तरीकत, अमीर, भूरे व इस्लाम आदि के घरों को आग के हवाले कर दिया। इस दौरान फायरिंग की भी सूचना है। क्षेत्र में भगदड़ मच गई। गांव में सांप्रदायिक बवाल की सूचना मिलने पर पुलिस में हड़कंप मच गया।
 
 पुलिस ने भीड़ को नियंत्रण करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। एस.पी. शिवहरी मीणा भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। लोगों की मदद से पुलिस ने आग पर काबू पाया। इस दौरान महिला व बच्चे बिलखते हुए पुलिस से मदद की गुहार लगाते रहे। भीड़ ने पूर्व प्रधान वेद प्रकाश को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। एस.पी. ने लोगों को कार्रवाई का आश्वासन देते हुए शांत किया। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। 
 
पुलिस के अनुसार पूर्व प्रधान वेद प्रकाश को सूचना मिली थी कि उनके गांव के कुछ युवक नया गांव में किसी विवाद में घिर गए हैं। जिस पर वह युवकों को देखने पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन्हें बंधक बनाते हुए मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने बाद में अपने बचाव में स्वयं आग लगा ली। जो कई घरों में फैल गई। इसके बाद पुलिस ने पूर्व प्रधान को बंधन मुक्त कराते हुए लोगों को खदेड़ा। एस.पी. का कहना है कि नया गांव के लोगों ने पुलिस कार्रवाई से बचने के लिए पूरी घटना को अंजाम दिया है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।  

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News