गुजराती साहित्यकार रघुवीर चौधरी को मिलेगा 2015 का ज्ञानपीठ पुरस्कार

punjabkesari.in Tuesday, Dec 29, 2015 - 08:17 PM (IST)

नई दिल्ली: गुजराती के प्रख्यात लेखक रघुवीर चौधरी को वर्ष 2015 का ज्ञानपीठ पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की गई है। चौधरी का चयन जाने-माने आलोचक डॉ. नामवर सिंह की अध्यक्षता वाली चयन समिति ने आज किया जिसमें अंग्रेजी के मशहूर आलोचक हरीश त्रिवेदी उडिया के प्रख्यात लेखक रमाकंत रथ, उर्दू के जाने माने लेखिक शमीम हनफी, मराठी के प्रसिद्ध लेखक चंद्रकांत पाटिल तथा प्रोफेसर सुरंजन दास और भारतीय ज्ञानपीठ के पूर्व निदेशक दिनेश मिश्र एवं वर्तमान निदेशक लीलाधर मंडलोई शामिल हैं।   
 
77 वर्षीय चौधरी को 51वें ज्ञानपीठ पुरस्कार के रूप में यह सम्मान अगले वर्ष एक समारोह में दिया जाएगा। पुरस्कार में 11 लाख रुपए का चेक, वाग्देवी की प्रतिमा, प्रशस्ति पत्र, शॉल आदि शामिल है। 50 वां ज्ञानपीठ पुरस्कार मराठी के प्रसिद्ध लेखक भालचंद्र नेमाडे को दिया गया था। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा पुस्तकालय के सभागार में नमाडे को यह पुरस्कार प्रदान किया था। 
 
भारतीय ज्ञानपीठ के निदेशक मंडलोई द्वारा आज जारी विज्ञप्ति के अनुसार चौधरी ने उपन्यास, निबंध तथा साहित्य के अनेक विधाओ में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई और अमृता, वेणु वत्सला और उपर्वास जैसे महत्वपूर्ण उपन्यास लिखे और काका कालेलकर, सुरेश जोशी तथा रामदरश मिश्र जैसे लेखको का उन पर गहरा प्रभाव पड़ा। 

सबसे ज्यादा पढ़े गए

Related News