Cancer Alert: हड्डियों को दीमक की तरह खोखला कर सकता है यह कैंसर, थकान-सूजन-दर्द जैसे लक्षणों को न करें नजरअंदाज

punjabkesari.in Tuesday, Jul 29, 2025 - 09:29 AM (IST)

नेशनल डेस्क: कैंसर का नाम सुनते ही शरीर कांप उठता है। यह एक ऐसी जानलेवा बीमारी है, जो शरीर के किसी भी हिस्से में हो सकती है। इन्हीं में से एक है बोन कैंसर या बोन सार्कोमा। यह हड्डियों में होने वाला एक दुर्लभ लेकिन खतरनाक कैंसर है, जो न केवल बुजुर्गों बल्कि बच्चों, किशोरों और युवाओं को भी अपना शिकार बना सकता है। यह खासतौर पर तेजी से बढ़ती हड्डियों जैसे कि जांघ, पैर और बाहों की हड्डियों को प्रभावित करता है। नेशनल सेंटर फॉर बायोटेक्नोलॉजी इंफॉर्मेशन (NCBI) के अनुसार, बोन ट्यूमर सभी प्रकार के कैंसर का लगभग 0.2% हिस्सा होते हैं, यानी यह दुर्लभ है लेकिन उतना ही खतरनाक भी। खास बात यह है कि इसके लक्षण आम दर्द या चोट जैसे होते हैं, जिससे इसे पहचानने में देरी हो जाती है। ऐसे में इसके संकेतों को नजरअंदाज करना गंभीर साबित हो सकता है।

बोन सार्कोमा क्या है?

बोन सार्कोमा एक ऐसा कैंसर है जो हड्डियों के ऊतकों को बनाने वाली कोशिकाओं में शुरू होता है। यह आमतौर पर शरीर की लंबी हड्डियों जैसे जांघ, बाजू, श्रोणि, पसलियों या रीढ़ की हड्डी में पाया जाता है। कुछ मामलों में यह छोटी हड्डियों को भी प्रभावित कर सकता है। इस कैंसर का सटीक कारण अभी तक पूरी तरह ज्ञात नहीं है लेकिन आनुवंशिक कारणों, विकिरण थेरेपी और कुछ विशेष मेडिकल कंडीशनों के चलते इसके होने की संभावना बढ़ सकती है।

बोन सार्कोमा के 5 अहम लक्षण, जिन्हें इग्नोर करना हो सकता है जानलेवा

1. लगातार हड्डी में दर्द होना

बोन सार्कोमा का सबसे पहला और आम लक्षण हड्डियों में लगातार बना रहने वाला दर्द है। यह दर्द रात के समय या फिर शारीरिक गतिविधियों के दौरान बढ़ सकता है। यह दर्द आराम करने या दर्द निवारक दवाओं से भी ठीक नहीं होता। ऐसे में अगर आपको लंबे समय से किसी हड्डी में असामान्य दर्द महसूस हो रहा है, तो डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

2. सूजन और कोमलता

जैसे-जैसे ट्यूमर का आकार बढ़ता है, उस स्थान पर सूजन और कोमलता आने लगती है। यह सूजन अक्सर गर्माहट लिए होती है और जोड़ के आसपास होने पर इसे खेल की चोट समझ लिया जाता है। लेकिन जब सूजन लम्बे समय तक बनी रहे और दर्द लगातार बना रहे, तो इसे हल्के में न लें।

3. हड्डियों का कमजोर होना और फ्रैक्चर का खतरा

बोन सार्कोमा हड्डियों को इतना कमजोर बना सकता है कि मामूली चोट या गिरने से भी हड्डी टूट सकती है। बिना किसी ठोस वजह के हड्डी में फ्रैक्चर होना इस कैंसर का संकेत हो सकता है। इसके अलावा अचानक वजन कम होना भी एक चेतावनी हो सकती है।

4. अत्यधिक और बेवजह थकान

अगर आप पूरा आराम करने के बाद भी खुद को थका हुआ महसूस कर रहे हैं, तो यह आपके शरीर में किसी गंभीर बीमारी की ओर इशारा कर सकता है। बोन कैंसर में शरीर की एनर्जी धीरे-धीरे खत्म होने लगती है और यह थकान के रूप में सामने आता है।

5. बुखार या शरीर में कमजोरी महसूस होना

हालांकि यह लक्षण कम देखने को मिलते हैं लेकिन कई बार बोन सार्कोमा के कारण हल्का बुखार, ठंड लगना या शरीर में कमजोरी भी महसूस हो सकती है। इसे नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।

बोन सार्कोमा से जुड़े जोखिम कारक

  • आनुवंशिक कारण (Genetic syndromes)

  • पहले से किसी हड्डी की बीमारी का इतिहास

  • रेडिएशन थेरेपी का पुराना एक्सपोजर

  • हड्डी में पहले से चोट या संक्रमण

कैसे करें पहचान और इलाज?

बोन सार्कोमा की सही पहचान के लिए डॉक्टर एक्स-रे, एमआरआई, बायोप्सी और ब्लड टेस्ट जैसे कई टेस्ट कराते हैं। अगर सही समय पर पहचान हो जाए, तो इसका इलाज संभव है। इसका इलाज सर्जरी, कीमोथेरेपी और रेडिएशन थेरेपी के जरिए किया जाता है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ashutosh Chaubey

Related News