हरियाणा और पंजाब में बारिश, हिमाचल व कश्मीर में बर्फबारी

punjabkesari.in Monday, Mar 02, 2015 - 07:43 AM (IST)

चंडीगढ़/हिसार (वार्ता/ब्यूरो): उत्तर भारत में हरियाणा और पंजाब सहित कई इलाकों में  बारिश तथा हिमाचल, कश्मीर घाटी और उत्तराखंड में हुई बर्फबारी से पारा लुढ़क गया और समूचे क्षेत्र में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 दिनों में हिमपात तथा बारिश से राहत मिलने की संभावना नहीं है। हिमाचल के धुंडी में 38 सै.मी.,सोलंगनाला में  2 फुट बर्फ   कुलंग में आधा फुट, पलचान में 1  फुट,  कोठी में 2 फुट, राहलाफाल में 5 फुट, मढ़ी में 7 फुट व रोहतांग में 10 फुट से ज्यादा बर्फ  की परत जम चुकी है।

बर्फबारी ने लाहौल घाटी में हिम-स्खलन तथा हिमखंडों के गिरने की आशंकाओं को ओर बढ़ा दिया है। जगह-जगह संवेदनशील इलाकों में हिमखंडों के लगातार गिरने से लोग सहमे हुए हैं और घरों में ही दुबके रहने को विवश है। वहीं कुल्लू में दोपहर बाद बारिश का दौर शाम तक जारी रहा। जिला कुल्लू की ऊंची चोटियां भी बर्फ से लकदक हुई है। गत शुक्रवार से लेकर रविवार तक हर रोज हैलीकाप्टर ने 3 उड़ानें भरी लेकिन रोहतांग दर्रा व सिस्सु के बीच खराब मौसम के बीच हैलीकाप्टर को स्कूल शिक्षा बोर्ड के प्रश्नपत्रों को लाहौल पहुंचाने में सफलता नहीं मिली।

कश्मीर घाटी के गुलमर्ग में 13 सै.मी., जवाहर टनल क्षेत्र में 10 सै.मी. और उत्तराखंड में 5 सै.मी. तक हिमपात हुआ। वहीं पंजाब व हरियाणा में बारिश हुई जिससे दोनों राज्यों में पारा लुढ़क गया। चंडीगढ़ में भी आज तेज हवा के साथ बारिश हुई जिससे पारा 15 डिग्री सैल्सियस तक गिर गया। हिसार में पारा 14 डिग्री, करनाल 13 व पंजाब के अमृतसर मे सबसे कम 6, लुधियाना 13 तथा पटियाला में 14 डिग्री सैल्सियस रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हिसार में शाम 5 बजे तक 24 मिलीमीटर बारिश रिकार्ड की गई।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News