छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव: क्या खिसकते जनाधार को रोक पाएगी भाजपा?

punjabkesari.in Sunday, Nov 18, 2018 - 01:24 PM (IST)

रायपुर: छत्तीसगढ़ का उत्तरी क्षेत्र सरगुजा राज्य के पठारी क्षेत्रों में से एक है, तथा क्षेत्र के राजघरानों ने यहां होने वाले चुनावों को प्रभावित किया है। इस क्षेत्र में भाजपा जहां धीरे धीरे जनाधार खोती गई वहीं कांग्रेस की सीटों में बढ़ोतरी हुई है। छत्तीसगढ़ में दूसरे और अंतिम चरण के चुनाव में कुछ ही समय शेष है। इस महीने की 20 तारीख को राज्य के 72 सीटों के लिए मतदान होगा जिसके लिए यहां के राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत लगा दी है। 

प्रसिद्ध राजघरानों से प्रभावित रही सरगुजा की राजनीति
राजनीतिक दलों के चुनाव प्रचार की गवाह सरगुजा क्षेत्र की 14 सीटें भी है, जहां के मतदाताओं के सामने जंगली हाथी की समस्या समेत अनेक कई समस्याएं है। सरगुजा क्षेत्र की राजनीति यहां के प्रसिध्द राजघरानों से भी प्रभावित रही है। यहां के प्रसिध्द राजघरानों में से एक सरगुजा का सिंह देव राजघराना है, जिसके वरिष्ठ नेता टीएस सिंह देव कांग्रेस विधायक दल के नेता हैं। वहीं दूसरा प्रमुख राजघराना जशपुर जिले में जूदेव राजघराना है जिसके कुमार दिलीप सिंह जूदेव भाजपा के कद्दावर नेता थे। क्षेत्र में तीसरा राजघराना कोरिया जिले का सिंहदेव राजघराना है। जिले के बैकुंठपुर क्षेत्र से रामचंद्र सिंहदेव विधायक चुने जाते थे। रामचंद्र सिंहदेव छत्तीसगढ़ के पहले वित्त मंत्री थे। सिंहदेव अपनी सादगी के कारण जाने जाते थे।  

नौ विधानसभा सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित 
वन और पहाड़ों से घिरे सरगुजा क्षेत्र में पांच जिले सरगुजा, जशपुर, कोरिया, बलरामपुर और सूरजपुर है। इस क्षेत्र में विधानसभा की 14 सीटें हैं। आदिवासी बाहुल्य इस क्षेत्र में नौ विधानसभा सीट अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित है। राज्य में जब पहली बार वर्ष 2003 में विधानसभा के चुनाव हुए तब यह क्षेत्र नक्सल प्रभावित था और इस क्षेत्र के लोगों का आशीर्वाद भाजपा को मिला। भाजपा ने इस क्षेत्र में 14 में से 10 सीटें जीतीं जबकि कांग्रेस को यहां केवल चार सीटें ही मिलीं। इस चुनाव में भाजपा ने राज्य की 90 सीटों में से 50 सीटों पर जीत हासिल कर सरकार बनाई थी और रमन सिंह पहली बार मुख्यमंत्री बने थे। वहीं कांग्रेस को 37, बसपा को दो और राकांपा को एक सीट मिली थी।     

सरगुजा पर टिकी नजरें 
राज्य में वर्ष 2008 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने इतिहास दोहराया और सरगुजा क्षेत्र की नौ सीटों पर जीत हासिल की। इस बार भाजपा को इस क्षेत्र में एक सीट का नुकसान हुआ था लेकिन इस बार भी राज्य में भाजपा की सरकार बनी थी। सरगुजा क्षेत्र में कांग्रेस को पांच सीटें मिली थी।  इस बार हो रहे विधानसभा चुनाव में सबकी नजर सरगुजा क्षेत्र की सीटों पर है। क्षेत्र की प्रतिष्ठित अंबिकापुर सीट से कांग्रेस विधायक दल के नेता टीएस सिंहदेव चुनाव मैदान में हैं। उनके खिलाफ भाजपा के युवा नेता अनुराग सिंहदेव हैं।  

जंगली हाथी बड़ी समस्या 
क्षेत्र की बैकुंठपुर विधानसभा सीट से राज्य के खेल मंत्री भैया लाल राजवाड़े के खिलाफ पूर्व वित्त मंत्री रामचंद्र सिंहदेव की भतीजी अंबिका सिंहदेव चुनाव मैदान में है। वहीं प्रतापपुर से गृह मंत्री रामसेवक पैकरा के खिलाफ कांग्रेस के पूर्व मंत्री प्रेमसाय टेकाम ताल ठोंक रहे हैं। क्षेत्र की पत्थलगांव विधानसभा सीट से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री रामपुकार सिंह के खिलाफ भाजपा के विधायक शिवशंकर पैकरा चुनाव मैदान में है। राज्य के वरिष्ठ पत्रकार और राजनीतिक जानकार रमेश नैयर कहते हैं कि इस क्षेत्र में जंगली हाथी की समस्या प्रमुख मुद्दों में से है। वहीं इसाई मिशनरी के प्रभाव वाला क्षेत्र होने के कारण यहां धर्मांतरण भी एक मुद्दा है। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

vasudha

Recommended News

Related News