अब ‘निहंग’ वाली तस्वीर पर फंसे केजरीवाल, सिख भड़के

punjabkesari.in Tuesday, Jul 12, 2016 - 10:46 AM (IST)

नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी मामले में अभी पश्चाताप भी नहीं कर पाए थे कि सिख मर्यादा से जुड़े एक नए विवाद में फंस गए हैं। इस बार दिल्ली की एक पत्रिका के कवर पेज पर केजरीवाल को निहंग के रूप में दिखाया गया है जोकि मर्यादा के खिलाफ है। सिख संगठनों ने इस मसले को गंभीरता से लिया है। साथ ही मैगजीन और केजरीवाल दोनों को कटघरे में खींचने की चेतावनी दी है। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के अध्यक्ष मंजीत सिंह जी.के. ने कहा कि केजरीवाल को एक निहंग के रूप में दिखाया गया है जो मर्यादा के खिलाफ है।

केजरीवाल को जो पगड़ी पहनाई गई है वह दुनिया का कोई भी आम सिख नहीं पहनता। यह पगड़ी (दुमाला) सिर्फ निहंग ही पहनते हैं जो गुरु के आदर्शों पर चलते हुए सिख धर्म की मर्यादा का पूर्ण पालन करते हैं। इसके अलावा निहंग जो कपड़े पहनते हैं उसे बाणा कहते हैं। यह भी कोई आम सिख नहीं पहनता। लेकिन दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को निहंग बनाकर बहुत बड़ी नासमझी की गई है। मंजीत सिंह जी.के. ने चेतावनी देते हुए कहा कि एक राष्ट्रीय पत्रिका इतनी बड़ी गलती कर जाए यह ठीक बात नहीं है। इन्हें माफी मांगनी चाहिए। दिल्ली सिख गुरुद्वारा कमेटी बेहद गंभीर है। कमेटी ने देर रात कानूनी नोटिस भी भेज दिया है।

केजरीवाल को निहंग के रूप में दिखाने पर संसद मार्ग थाने में शिकायत
आल इंडिया सिख स्टूडैंट्स फैडरेशन (ए.आई. एस.एस.एफ.) ने सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाते हुए अदालत का रुख करने का फैसला किया है। साथ ही संसद मार्ग थाने में एक शिकायत दर्ज कराई है। ए.आई.एस.एस.एफ. के अध्यक्ष करनैल सिंह पीर मोहम्मद ने कहा कि हमने इस मामले को गंभीरता से लिया है। केजरीवाल को निहंग दिखाने वाली तस्वीर से हमारी धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Recommended News

Related News