अरविंद केजरीवाल की जमानत पर सुनीता केजरीवाल का पहला रिएक्शन, जानिए क्या कहा

punjabkesari.in Friday, May 10, 2024 - 09:23 PM (IST)

नेशनल डेस्कः दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने शुक्रवार को उनके पति को अंतरिम जमानत देने के सुप्रीम कोर्ट के फैसले को ''लोकतंत्र की जीत'' बताया और कहा कि यह राहत लाखों लोगों की प्रार्थना और आशीर्वाद का परिणाम है। सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को बड़ी राहत देते हुए शुक्रवार को उन्हें लोकसभा चुनाव में प्रचार के लिए एक जून तक अंतरिम जमानत दे दी। दिल्ली में चुनाव छठे चरण में 25 मई को होंगे।

‘इंडिया' गठबंधन के साझेदार कांग्रेस के साथ सीट-बंटवारे की व्यवस्था के तहत आम आदमी पार्टी (आप) दिल्ली की सात लोकसभा सीट में से चार सीट पर चुनाव लड़ रही है। कथित आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में गिरफ्तार केजरीवाल को 2 जून को आत्मसमर्पण करना होगा और वापस जेल जाना होगा। एक जून को सातवें और अंतिम चरण का मतदान होगा। मतों की गिनती 4 जून को होगी। सुनीता ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "हनुमान जी की जय। यह लोकतंत्र की जीत है। यह लाखों लोगों की प्रार्थना और आशीर्वाद का परिणाम है। सभी को बहुत-बहुत धन्यवाद।"

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Yaspal

Related News