गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा यह इलाका, मातम में डूबा जश्न का माहौल, पार्टी के बाद युवक को किया छलनी
punjabkesari.in Thursday, Nov 20, 2025 - 11:31 AM (IST)
नेशनल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिला मुख्यालय से सटे लाल सिंगी गांव में बुधवार देर रात एक निजी होटल के बाहर गोली मारकर एक युवक की हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान युवा कांग्रेस नेता आशु पुरी निवासी संतोषगढ़ के रूप में हुई है। इस वारदात में दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं जिन्हें इलाज के लिए चंडीगढ़ के पीजीआई अस्पताल रेफर किया गया है।
बर्थडे पार्टी के बाद शुरू हुआ विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना होटल रायजादा के बाहर हुई। बुधवार रात को आशु पुरी और अन्य युवा एक जन्मदिन पार्टी के लिए होटल में इकट्ठा हुए थे। आधी रात को केक काटने के लिए सभी युवा होटल के बाहर पार्किंग में पहुंचे। इसी दौरान आशु पुरी का कुछ लोगों के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद में शामिल लोगों की पहचान परविंदर निवासी मराला फतेहपुर, परमिंदर पुत्र जरनैल सिंह (गांव बिनेवाल) और गुरजीत सिंह मान (प्रधान, मराला उधयपुर) के रूप में हुई है।

मामूली विवाद ने लिया खूनी रूप
विवाद इतनी तेज़ी से बढ़ा कि वह एक बड़े झगड़े में बदल गया। इसी दौरान आरोपी परमिंदर ने आशु पुरी पर गोली चला दी। गोली लगने के कारण आशु पुरी की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आशु के साथियों ने गोली चलाने वाले आरोपी परमिंदर और उसके साथी गुरजीत मान पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। इस जवाबी हमले में परमिंदर और गुरजीत मान गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें तुरंत उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ भेजा गया।
वहीं पुलिस अधीक्षक (SP) अमित यादव ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मृतक आशु पुरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए टांडा भेजा गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की गहन जांच जारी है। पुलिस अब हत्या और जवाबी हमले दोनों पहलुओं की जांच कर रही है।
