जंगली हाथियों का आतंक : महिला समेत दो की मौत, इलाके में दहशत का माहौल
punjabkesari.in Friday, Mar 27, 2026 - 12:19 AM (IST)
नेशनल डेस्कः झारखंड के कोडरमा जिले में एक जंगली हाथी के हमले में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई। एक वन अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। वन अधिकारी ने बताया कि बुधवार शाम को कोडरमा पुलिस थाना क्षेत्र के मरियमपुर में एक हाथी ने 55 वर्षीय महिला मनिया बिरहोरनी को कुचलकर मार डाला। हाथी ने एक अन्य महिला को भी घायल कर दिया है, जिसका कोडरमा सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।
कोडरमा रेंज के वन अधिकारी राम बाबू ने बताया, "दूसरी घटना बुधवार को देर रात करीब दो बजे उसी इलाके में हुई। बाहर सो रहे एक व्यक्ति को उसी हाथी ने कुचलकर मार डाला।" मृतक की पहचान देवघर जिले के प्रवासी मजदूर बालेश्वर सोरेन के रूप में हुई है।
कोडरमा के क्षेत्राधिकारी रवि भूषण ने कहा कि मृतकों के परिवारों को तत्काल राहत के रूप में 25,000 रुपये प्रति परिवार दिए गए हैं, जबकि शेष मुआवजा कुछ औपचारिकताओं के पूरा होने के बाद दिया जाएगा। झारखंड सरकार हाथी के हमले से हुई मृत्यु की स्थिति में चार लाख रुपये का मुआवजा प्रदान करती है।
