मेडिकल कॉलेज में युवक ने तीसरी मंजिल से लगाई छलांग, मची अफरा-तफरी
punjabkesari.in Tuesday, May 05, 2026 - 07:16 PM (IST)
नेशनल डेस्क : छत्तीसगढ़ के जगदलपुर स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मंगलवार सुबह एक युवक द्वारा तीसरी मंजिल से छलांग लगाने का मामला सामने आया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल युवक को तत्काल आपातकालीन कक्ष में भर्ती कर उपचार शुरू किया गया है, जहां उसकी स्थिति पर चिकित्सकों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मारडूम निवासी एक महिला पीलिया के उपचार हेतु अस्पताल के फीमेल मेडिसिन वाडर् में भर्ती है। उसके साथ आए पति ने सुबह बाथरूम में जाकर खिड़की की लोहे की रॉड को मोड़ते हुए ऊपर चढ़कर नीचे छलांग लगा दी। घटना को नीचे मौजूद सफाई कर्मचारियों ने देखा और तुरंत अस्पताल प्रबंधन व सुरक्षा कर्मियों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे कर्मियों ने घायल को तत्काल आपातकालीन कक्ष पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे भर्ती कर लिया गया।
सूचना मिलते ही अस्पताल अधीक्षक मौके पर पहुंचे और उपचार की व्यवस्था का जायजा लिया। चिकित्सकों को बेहतर इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। परिजनों के मुताबिक, युवक की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी, जिससे इस तरह का कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है।
