NEET UG 2026: परीक्षा से एक दिन पहले छात्र ने उठाया खौफनाक कदम, हॉस्टल की छठी मंजिल से कूद कर दी जान
punjabkesari.in Sunday, May 03, 2026 - 03:59 PM (IST)
नेशनल डेस्क: देश भर के मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित होने वाली राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी 2026) का आज आयोजन हो रहा है। इससे पहले ही एक दुखद घटना सामने आई है। राजस्थान के कोटा में परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र ने परीक्षा से एक दिन पहले ही हॉस्टल की छठी मंजिल से कूद कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली है। आनन- फानन में साथी छात्रों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अभिरक्षा में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कुन्हाड़ी थानाधिकारी देवेश भारद्वाज ने घटना की जानकारी देते हुए कहा, "छात्र दीक्षित प्रसाद अल्मोडा के रहने वाले थे। वह अपने हॉस्टल की छठी मंज़िल से कूद गए थे। उनकी मौत हो गई। परिजनों को सुचित किया गया था जो आ गए हैं। इस मामले में प्रकरण दर्ज करके पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। आगे जांच कराई जाएगी। एक सुसाइड नोट मिला है जिसकी जांच की जा रही है। छात्र की आज परीक्षा थी। हालांकि अभी तक इस की पुष्टि नहीं हो पाई है कि छात्र ने सुसाइड क्योंकि फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
आप को बता दें कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट-यूजी 2026) रविवार दोपहर दो बजे से पांच बजे तक आयोजित की जाएगी। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) द्वारा संचालित इस परीक्षा के लिए इस साल रिकॉडर् 22.79 लाख से अधिक छात्रों ने पंजीकरण कराया है, जिनमें अकेले तेलंगाना से ही 73,000 से अधिक अभ्यर्थी शामिल हैं। परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए देश के 552 शहरों और विदेशों में 14 स्थानों पर केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें से 199 केंद्र तेलंगाना में स्थित हैं।
अधिकारियों ने बताया परीक्षा की पारदर्शिता और शुचिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने तीन-स्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया है और बायोमेट्रिक उपस्थिति अनिवार्य की है। जिला अधिकारियों के समन्वय से सभी केंद्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है। यह परीक्षा पेन-एंड-पेपर मोड में हिंदी, अंग्रेजी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं सहित कुल 13 भाषाओं में आयोजित की जा रही है। प्रश्नपत्र में कुल 180 बहुविकल्पीय प्रश्न होंगे, जिनमें भौतिक विज्ञान और रसायन विज्ञान से 45-45 और जीव विज्ञान (वनस्पति विज्ञान और प्राणी विज्ञान) से 90 प्रश्न पूछे जाएंगे।
प्रत्येक सही उत्तर पर चार अंक निर्धारित हैं, जबकि गलत उत्तर देने पर‘नेगेटिव माकिर्ंग'के तहत एक अंक काट लिया जाएगा। एनटीए ने ड्रेस कोड और प्रतिबंधित वस्तुओं को लेकर भी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। छात्रों को मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बटुआ या धातु की वस्तुएं ले जाने की अनुमति नहीं होगी। केवल आधी आस्तीन के साधारण कपड़े और चप्पल या सैंडल जैसे फुटवियर ही पहनने की इजाजत है। बारिश की आशंका को देखते हुए परीक्षार्थियों को अपना एडमिट काडर् और आधार काडर् पारदर्शी पाउच में रखने का सुझाव दिया गया है। किसी भी तरह की पूछताछ के लिए हेल्पलाइन सहायता भी उपलब्ध कराई गई है।
