एयरपोर्ट पर खलबली: लैंडिंग के बाद चलते विमान का इमरजेंसी गेट खोल कूदा यात्री, मची अफरा-तफरी

punjabkesari.in Sunday, May 03, 2026 - 09:35 PM (IST)

चेन्नई: तमिलनाडु के चेन्नई एयरपोर्ट पर रविवार (3 मई, 2026) की सुबह एक ऐसी सनसनीखेज वारदात हुई, जिसने एयर अरेबिया की फ्लाइट में सवार यात्रियों और सुरक्षाकर्मियों के होश उड़ा दिए। यूएई के शारजाह से चेन्नई पहुंची फ्लाइट के लैंड होते ही एक यात्री ने अचानक इमरजेंसी गेट खोल दिया और चलते विमान से बाहर छलांग लगा दी।

टैक्सीवे पर चल रहा था विमान
एयरपोर्ट अधिकारियों के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब विमान मुख्य रनवे से हटकर टैक्सीवे पर धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था। विमान अभी पूरी तरह रुका भी नहीं था कि इस यात्री के अचानक कूदने से अफरा-तफरी मच गई और तुरंत सुरक्षा प्रतिक्रिया शुरू की गई। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई और न ही विमान को कोई नुकसान पहुँचा।

खराब तबीयत बनी जानलेवा कदम की वजह?
शुरुआती जानकारी के अनुसार, उक्त यात्री पूरी यात्रा के दौरान अस्वस्थ महसूस कर रहा था। अधिकारियों ने बताया कि उसे उल्टी जैसा महसूस हो रहा था और उसने विमान में दो बार उल्टियां भी की थीं। माना जा रहा है कि खराब तबीयत के कारण पैदा हुई घबराहट में उसने यह डरावना कदम उठाया होगा।

एक घंटे तक बंद रहा मुख्य रनवे, उड़ानों पर पड़ा असर
इस घटना के बाद एहतियात के तौर पर एयरपोर्ट के मुख्य रनवे को सुबह 03:23 बजे से 04:23 बजे तक के लिए बंद कर दिया गया। इस दौरान आने-जाने वाली उड़ानों को सेकेंडरी रनवे की ओर डायवर्ट करना पड़ा। हालांकि यात्री की पहचान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन बताया जा रहा है कि वह तमिलनाडु के पुडुकोट्टई जिले का रहने वाला हो सकता है।

CISF ने यात्री को लिया हिरासत में
घटना के तुरंत बाद पायलट ने ग्राउंड सिक्योरिटी को अलर्ट किया। केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे और उस व्यक्ति को हिरासत में ले लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया, जहाँ उससे पूछताछ और आगे की जांच जारी है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Pardeep

Related News