'अद्भुत और अलौकिक', 21 लाख दीयो से जगमगाई काशी...PM मोदी ने शेयर की देव दीपावली की फोटो
punjabkesari.in Tuesday, Nov 08, 2022 - 09:20 AM (IST)

नेशनल डेस्क: कार्तिक पूर्णिमा पर सोमवार को महादेव की नगरी काशी में देव दीपावली का आयोजन पूरे हर्ष और उल्लास के साथ किया गया और गंगा किनारे 84 घाटों पर 10 लाख दीपक जलाए गए। जनसहभागिता से लोगों ने शहर में करीब 11 लाख दीपक जलाए। बाबा भोले नाथ की नगरी काशी 21 लाख दीयो से जगमगती हुई बहुत अदभुत छठा बिखेर रही थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी काशी में देव दीपावली की फोटो शेयर करते हुए लिखा कि काशी की अद्भुत और अलौकिक देव दीपावली अभिभूत करने वाली है! इस प्राचीन और पवित्र नगरी में उत्सव की कुछ झलकियां। मां गंगा का अर्धचन्द्राकार स्वरूप लाखों दीपक की रोशनी से जगमगाता रहा।
जिला प्रशासन के अनुसार प्रदेश की योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार की ओर से गंगा किनारे के 84 घाटों पर 10 लाख दीये जलाए गए, वहीं जनसहभागिता से लगभग 11 लाख दीये जलाए गए।
देव दीपावली का महत्व बताते हुए बटुक भैरव मंदिर के महंत जितेंद्र मोहन पूरी ने बताया कि कार्तिक मास के पूर्णिमा को ही भगवान शिव ने त्रिपुरासुर राक्षस का वध किया था। त्रिपुरासुर के वध की खुशी में देवताओं ने काशी में दीये जलाकर दिवाली मनाई थी और इसी कारण हर साल कार्तिक मास की पूर्णिमा पर काशी में देव दीपावली मनाई जाती है।