दिल्ली की सड़क पर हाई वोल्टेज ड्रामा, महिला ने सैनिको की बस रोककर किया हंगामा, देखें VIDEO
punjabkesari.in Saturday, Mar 08, 2025 - 01:13 PM (IST)

नेशनल डेस्क: दिल्ली में सराय काले खां अंडरपास के पास एक चौंकाने वाली घटना सामने आई जब एक महिला ने ITBP (भारत-तिब्बत सीमा पुलिस) के जवानों की बस को रोककर उनसे बहस शुरू कर दी। यह घटना 20 फरवरी 2025 की रात लगभग 10:30 बजे हुई। महिला की इस हरकत से सड़क पर जाम लग गया और अन्य वाहन चालक भी परेशान हो गए। ITBP के जवान उस समय राष्ट्रपति भवन में सुरक्षा ड्यूटी पूरी कर अपनी बस से वापस लौट रहे थे। जब बस सराय काले खां अंडरपास के पास पहुंची तो सामने चल रही एक कार को हटने के लिए हॉर्न दिया गया, लेकिन कार चला रही महिला ने रास्ता देने से इनकार कर दिया।
महिला ने बीच सड़क पर रोकी बस
महिला न केवल रास्ता देने से इनकार करती रही बल्कि उसने कुछ दूरी पर जाकर अपनी कार रोक दी। इसके बाद वह अपनी गाड़ी से बाहर निकली और ITBP के जवानों से बहस करने लगी। वहां मौजूद लोगों ने इस घटना का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
दिल्ली में एक महिला ने DUTY जा रहे ITBP के जवानों को परेशान किया !
— PARAMILITARY HELP - CAPF (@Paramilitryhelp) March 5, 2025
अपनी गाड़ी को जवानों की गाड़ी के आगे बार बार लगाया, और गाड़ी चलाने में व्यवधान पैदा किया , महिला ने ड्रिंक भी किया हुआ था ।
इन महिला के खिलाफ सख्त कार्यवाही होनी चाहिए ll pic.twitter.com/vSyBWsfygJ
जवानों ने दिखाया संयम, किया विवाद को शांत
ITBP के जवानों ने स्थिति को बिगड़ने से रोकने के लिए संयम बनाए रखा और महिला से बहस करने से बचते रहे। जवानों का धैर्य देखकर लोग उनकी तारीफ कर रहे हैं और महिला के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस को संदेह है कि महिला नशे की हालत में थी, क्योंकि उसकी गाड़ी अनियंत्रित तरीके से चल रही थी। फिलहाल, इस मामले की जांच की जा रही है और पुलिस CCTV फुटेज की भी जांच कर रही है।
सोशल मीडिया पर लोगों की नाराजगी
इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। लोग इस पर अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दे रहे हैं और महिला के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस इस मामले में उचित कानूनी कदम उठाने पर विचार कर रही है। अगर महिला नशे में गाड़ी चला रही थी तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।