अगर परमाणु बम फटा तो क्या होगा? कितनी मचेगी तबाही... होंगे ये खतरनाक परिणाम
punjabkesari.in Friday, May 09, 2025 - 01:36 PM (IST)

नेशनल डेस्क: पिछले कुछ दिनों से भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव के बीच दोनों देशों की सैन्य गतिविधियों में तेजी आई है। इसी बीच सुरक्षा विशेषज्ञों और मीडिया में यह चर्चा तेज हो गई है कि अगर भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष और बढ़ा, तो परमाणु हमले की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
एक रिपोर्ट के अनुसार, यदि किसी बड़े शहर पर परमाणु हमला होता है, तो इसके विनाशकारी परिणाम भयावह होंगे। रिपोर्ट के अनुसार, एक शक्तिशाली परमाणु विस्फोट से 100 सूर्यों जितनी चमक पैदा हो सकती है। विस्फोट स्थल से 50 किमी तक के दायरे में लोग अंधे हो सकते हैं और तापमान दस लाख डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। 10 किमी के दायरे में तेज हवाएं और आग की लपटें सभी इमारतों, पेड़-पौधों और अन्य संरचनाओं को तहस-नहस कर देंगी। 2 लाख लोग मारे जा सकते हैं।
रेडियोधर्मी कण हवा में फैलेंगे जो कैंसर, जनन दोष और अन्य बीमारियों का कारण बनेंगे। चारों तरफ धुआं और राख फैलकर सूर्य की रोशनी रोक सकती है, जिससे वैश्विक तापमान गिर सकता है और फसलें बर्बाद हो सकती हैं। पीढ़ियों तक विकलांगता, बीमारी और भय का वातावरण बना रहता है।
अब तक परमाणु बम का इस्तेमाल कब और किसने किया?
एकमात्र युद्धकालीन इस्तेमाल:- संयुक्त राज्य अमेरिका ने दूसरे विश्व युद्ध में जापान के दो शहरों पर परमाणु बम गिराया था।
हिरोशिमा – 6 अगस्त 1945 (बम का नाम: "Little Boy")
नागासाकी – 9 अगस्त 1945 (बम का नाम: "Fat Man")
इन हमलों में तत्काल करीब 2 लाख से अधिक लोग मारे गए थे। कई सालों तक वहां कैंसर और रेडिएशन जनित बीमारियां फैलीं।